अजब प्रेम की गजब कहानी-15 लाख खर्च कर सहेलियों ने कर ली शादी

अजब प्रेम की गजब कहानी-15 लाख खर्च कर सहेलियों ने कर ली शादी

फिरोजाबाद। प्यार में बुरी तरह से गहरे तक उतर चुकी बचपन की दो सहेलियों ने आपस में शादी कर ली। नई जिंदगी शुरू करने के लिए एक युवती ने राजधानी दिल्ली के नर्सिंग होम में अपना जेंडर बदलवाया और लड़की से लड़का बनने के बाद नोएडा के मंदिर में अपनी सहेली के साथ शादी रचा ली।

दरअसल फिरोजाबाद के लाइनपार थाना क्षेत्र में रहने वाली दो लड़कियों की बचपन से ही आपस में दोस्ती हो गई थी। दोनों लड़कियों ने एक ही स्कूल में 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की, लेकिन 5 साल पहले दोनों में से एक लड़की नोएडा में पढ़ने के लिए चली गई। लेकिन इस दौरान भी दोनों का प्रेम आपस में कम नहीं हुआ और नोएडा में रह रही लड़की फोन के माध्यम से अपनी सहेली से रोजाना बात करती रही। पड़ोस की रहने वाली 25 वर्षीय युवती भी कई बार फिरोजाबाद से अपनी सहेली से मिलने के लिए नोएडा गई। जब भी दोनों फिरोजाबाद में होती तो एक साथ रहती थी। 8 फरवरी को फिरोजाबाद में रहने वाली युवती बाजार जाने की बात कहकर निकली थी लेकिन वापस लौट कर नहीं आई। बेटी के लापता होने की जानकारी परिजनों की ओर से पुलिस को 9 फरवरी को दी गई। इस बीच 11 फरवरी को परिजनों को पता चला कि उनकी बेटी नोएडा में रहने वाली अपनी सहेली के पास है और दोनों ने शादी रचा ली है। पुलिस परिवारजनों के साथ नोएडा पहुंची और दोनों को पकड़ लिया। इस दौरान की गई पूछताछ में पता चला कि नोएडा में रहने वाली युवती ने 2 महीने पहले दिल्ली के एक अस्पताल में अपना जेंडर चेंज करा लिया था। एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र के मुताबिक युवती ने अपनी सहेली से नोएडा के मंदिर में शादी की है। युवती के परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया है और मामले की जांच की जा रही है। अब युवती के बयान दर्ज करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

epmty
epmty
Top