up.mygov.in पोर्टल पर सभी सूचनाएं लगातार अपडेट की जाएं : सीएम

up.mygov.in पोर्टल पर सभी सूचनाएं लगातार अपडेट की जाएं : सीएम

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष उनके सरकारी आवास पर राज्य सरकार के प्रस्तावित अत्याधुनिक और अपडेटेड पोर्टल up.mygov.in का प्रस्तुतीकरण किया गया।





प्रस्तुतीकरण के दौरान अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी ने अवगत कराया कि प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा जनहित की योजनाओं, कार्यक्रमों इत्यादि की अद्यतन प्रगति तथा विभागों से सम्बन्धित अन्य आवश्यक जानकारी इस पोर्टल पर उपलब्ध करायी जाएगी। जनता से सम्बन्धित अन्य आवश्यक सूचनाएं भी इस पोर्टल पर उपलब्ध करायी जाएंगी।





इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार के लिए वर्तमान में संचालित पोर्टल एक लिंकिंग पोर्टल है, जिसे अब अपडेट करने की आवश्यकता है। प्रस्तावित नये पोर्टल पर सोशल मीडिया के उपयोग से जनता के साथ संवाद भी स्थापित किया जाएगा। पोर्टल की माॅनीटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय के उच्चाधिकारियों द्वारा की जाएगी। इस अत्याधुनिक पोर्टल का निर्माण और संचालन सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग करेगा।

प्रस्तुतीकरण के उपरान्त मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित पोर्टल के निर्मित और कार्यशील होने के उपरान्त इस पर सभी विभागों से सूचनाएं संकलित कर अपलोड की जाएं तथा उन्हें लगातार अपडेट किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को सूचनाएं संकलित कर उन्हें पोर्टल पर अपडेट कराने के लिए अपने यहां नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर अपलोडेड सभी सूचनाएं लगातार अपडेट की जाएं।


प्रस्तुतीकरण के दौरान मुख्य सचिव आरके तिवारी, प्रमुख सचिव आईटी और इलेक्ट्राॅनिक्स आलोक कुमार, सूचना निदेशक शिशिर, केन्द्र सरकार द्वारा संचालित 'माई गव' पोर्टल के सीईओ अभिषेक सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Next Story
epmty
epmty
Top