बाइक के बाद बीच सडक कार के बोनट पर कटा बर्थडे केक-धड़ाधड़ फायरिंग

बाइक के बाद बीच सडक कार के बोनट पर कटा बर्थडे केक-धड़ाधड़ फायरिंग

गाजियाबाद। जन्मदिन मनाने के अलग-अलग तरीके इजाद करते हुए युवा अब सड़क के बीचो बीच बाइक और कार खड़ी करके केक काटने लगे हैं। इस दौरान जन्मदिन की खुशी में बंदूक या तमंचे से फायरिंग किए जाने का सिलसिला भी तेजी के साथ चल रहा है। उत्तर प्रदेश में बाइक पर केक काटने के बाद अब नोएडा में भी सड़क पर कार खड़ी करके उसके बोनट पर केक काटते हुए जन्मदिन मनाने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं केक काटने के बाद बंदूको से ताबड़तोड़ कई राउंड गोलियां भी चलाई गई। जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लेते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल नोएडा की पैरामाउंट इमोशन सोसाइटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में कार की बोनट के ऊपर सात केक रखे हुए नजर आ रहे हैं। कार के पास खड़े युवकों में शामिल एक युवक के हाथ में बंदूक भी है। इसी बर्थडे पार्टी का एक फोटो भी सोशल मीडिया के जरिए सामने आया है। 2 लोगों के पास इस फोटो में बंदूक दिखाई दे रही है। सभी के चेहरे पर जन्मदिन का केक लगा हुआ है।

इस दौरान बंदूकों से की गई ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज को सुनकर सोसाइटी के लोगों में दहशत फैल गई। नोएडा पुलिस के एडीसीपी क्राइम ने बताया है कि वायरल हो रहे वीडियो के मामले में औरैया निवासी आरोपी संजय कुमार तथा बदायूं निवासी बादाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए दोनों लोग नोएडा में रहते हैं। संजय के पास से एक लाइसेंसी बंदूक और बादाम सिंह के पास से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है। जन्मदिन पार्टी में शामिल बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

epmty
epmty
Top