कैबिनेट मंत्री और दो MLA के बाद अब एक और इस्तीफा

लखनऊ। कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के योगी आदित्यनाथ सरकार से इस्तीफा देने के साथ ही भाजपा के भीतर शुरू हुई भगदड़ थमने का नाम नहीं ले रही है। कैबिनेट मंत्री के इस्तीफा देने के बाद दो विधायकों के भाजपा से त्यागपत्र देने के पश्चात अब श्रम बोर्ड के सदस्य समेत श्रम बोर्ड में पूर्व कैबिनेट मंत्री के समर्थक कई अन्य लोगों ने भी इस्तीफा दे दिया है।
मंगलवार का दिन भारतीय जनता पार्टी के लिहाज से किन्हीं भी हालातों के चलते ठीक नहीं रहा है। योगी आदित्यनाथ सरकार में श्रम एवं सेवायोजन व समन्वय मंत्री के पद पर तैनात रहे स्वामी प्रसाद मौर्या के सरकार से बाहर आने के बाद बांदा के तिलहर विधायक रोशन लाल वर्मा ने भी भाजपा के इस्तीफा दे दिया है। इनके अलावा बिल्हौर से भाजपा विधायक बृजेश कुमार प्रजापति भी भाजपा इस्तीफा देकर पार्टी से बाहर हो गए हैं। इस बीच कई अन्य विधायकों एवं मंत्रियों के भी भाजपा छोड़कर बाहर आने की अटकलें राजनीतिक हलकों में तेजी के साथ दौड़ रही है। अब ताजा खबरों के मुताबिक पता चल रहा है कि श्रम बोर्ड के सदस्य रजनीकांत मौर्य इस्तीफा देकर श्रम बोर्ड से बाहर आ गए हैं। रजनीकांत मौर्या के साथ-साथ बताया जा रहा है कि श्रम बोर्ड में स्वामी प्रसाद मौर्या के कई अन्य समर्थकों ने भी बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है। राजनीतिक हलकों में कई अन्य मंत्रियों के साथ आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी के भी भाजपा छोड़कर जाने की चर्चाएं तेजी के साथ चल रही थी, लेकिन आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी ने स्वयं सामने आते हुए अपनी स्थिति को वायरल हो रही वीडियो के जरिए साफ कर दिया है। लेकिन अन्य मंत्रियों जिनमें मंत्री दारा सिंह चौहान और पूर्वांचल के कद्दावर एवं ताकतवर एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह की ओर से अभी अपनी स्थिति साफ नहीं की है। इन दोनों के भी सपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही है।