एक्सप्रेस-वे पर हुआ भीषण हादसा- दर्जनभर लोग घायल

एक्सप्रेस-वे पर हुआ भीषण हादसा- दर्जनभर लोग घायल

फिरोजाबाद। जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर रविवार को एक कार हादसे का शिकार हो गयी और कार सवार आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार कार की ट्रॉला के साथ हुई टक्कर में आठ लोग घायल हो गये। घायलों को जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सभी घायल कन्नौज के रहने वाले हैं, जो अहमदाबाद से लौट रहे थे। दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि कन्नौज जिले के नगला पंचमुख का एक परिवार किसी काम से अहमदाबाद गया था। शनिवार देर रात ये लोग कार से लौट रहे थे। कार में कुल 10 लोग सवार थे। कार जैसे ही एक्सप्रेस-वे पर मटसेना थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी छीपनी के पास पहुंची तभी एक्सप्रेस-वे पर खड़े एक ट्रॉला से पीछे से भिड़ गई। हादसे की जानकारी किसी ने मटसेना थाना पुलिस और यूपीडा को दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को एम्बुलेंस से लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को आगरा रेफर कर दिया गया, अन्य सभी घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है।

दुर्घटना की जानकारी मिलने पर मेडिकल कॉलेज पहुंचे सीओ सदर हीरालाल कन्नौजिया ने कहा कि यह सभी लोग एक ही परिवार के हैं, जो कि नगला पंचमुख कन्नौज जा रहे थे। कार पीछे से खड़े ट्रॉला में टकराई है। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं।



epmty
epmty
Top