योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री सतीश महाना कोरोना संक्रमित, होम आइसोलेशन में

योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री सतीश महाना कोरोना संक्रमित, होम आइसोलेशन में

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के मंत्रियों के कोरोना संक्रमित होने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में अब प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतीश महाना कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने स्वयं को होम आइसोलेट कर लिया है।

औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने लक्षण लगने पर शुक्रवार को दिन में अपनी व स्टॉफ के 13 लोगों की कोरोना जांच कराई थी, जिसमें सभी को निगेटिव बताया गया था। इसके बाद दोबारा सैंपल देने के बाद वह लखनऊ से लाल बंगला स्थित अपने आवास पर आ गए थे। देर रात दूसरी जांच रिपोर्ट आने पर जानकारी दी गई कि उन्हें और स्टॉफ के तीन सदस्यों को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद वह लाल बंगला स्थित घर से फिर लखनऊ चले गए हैं। उन्होंने शनिवार को ट्वीट करके स्वयं इसकी जानकारी दी।

महाना ने कहा कि कोविड के प्रारम्भिक लक्षण दिखने पर कल मैंने टेस्ट करवाया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। चिकित्सकों की सलाह से मैंने खुद को घर पर आइसोलेट कर लिया है। उन्होंने बीते दिनों में अपने सम्पर्क में आए लोगों से भी जांच कराने की अपील की है।

महाना के संक्रमित होने की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन पर बात की और तुरंत चिकित्सकों की टीम भेजने के लिए निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने भी उनकी सेहत की जानकारी ली।

(आईपीएन)

epmty
epmty
Top