मास्क न पहनने पर विधायकपुत्र और पुलिस के बीच नोंकझोंक

मास्क न पहनने पर विधायकपुत्र और पुलिस के बीच नोंकझोंक

कासगंज। कासगंज में रविवार सुबह सोरों गेट पुलिस चैकी पर वाहन चेकिंग के दौरान मास्क को लेकर सदर विधायक पुत्र और पुलिस निरीक्षक के बीच नोंकझोंक हो गई। सूचना पर विधायक भी मौके पर पहुंच गए और नाराजगी जाहिर की। क्षेत्राधिकारी शहर ने हस्तक्षेप कर मामला रफा दफा करा दिया। पुलिस ने वाहन चेकिंग रोक दी। इस नोंकझोंक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। क्षेत्राधिकारी आरके तिवारी के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक रणजीत दुबे सोरों गेट पुलिस चैकी पर टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। लॉकडाउन की सख्ती के कारण यह चेकिंग की जा रही थी। दुपहिया और चार पहिया वाहनों को चेक किया जा रहा था। इसी बीच सदर विधायक देवेंद्र राजपूत के पुत्र जसवीर सिंह अपने साथियों के साथ एक कार से इस क्षेत्र से गुजर रहे थे।

पुलिस ने कार को रोक लिया। पुलिस निरीक्षक रणजीत दुबे ने विधायक पुत्र और उसके साथियों को मास्क लगाने को कहा। पुलिस के मुताबिक वाहन सवार कोई भी मास्क नहीं लगाए थे। इसी बात को लेकर विधायक पुत्र और पुलिस निरीक्षक के बीच नोंकझोंक हो गई। जानकारी मिलने पर सदर विधायक सोरों गेट पुलिस चैकी पहुंच गए और यहां उन्होंने पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर की। कहा कि पुलिस चेकिंग के दौरान लोगों को परेशान कर रही है। सीओ सिटी आरके तिवारी ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए रफा दफा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने वाहन चेकिंग रोक दी। पुलिस टीम वहां से चली गई। इस नोंकझोंक का वीडियो भी वायरल हो गया है।

वीडियो में विधायक लिखी कार को रोकने के बाद पुलिस निरीक्षक रणजीत दुबे विधायक पुत्र जसवीर के उतरने पर पूछ रहे हैं कि आप विधायक हैं। जिस पर विधायक पुत्र ने कहा कि मैं उनका बेटा हूं। उसके बाद वीडियो में नोंकझोंक शुरू होती दिखाई दे रही है।

(हिफी न्यूज)

epmty
epmty
Top