सरकारी विभागों से लेकर मंत्रियों के दफ्तरों तक भ्रष्टाचार: अखिलेश यादव

सरकारी विभागों से लेकर मंत्रियों के दफ्तरों तक भ्रष्टाचार: अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में विभागों से लेकर मंत्रियों के दफ्तरों तक भ्रष्टाचार है। सत्ता के नशे में चूर भाजपा नेता कानून व्यवस्था को धता बताते हुए गरीबों, दलितों पर दबंगई दिखा रहे हैं। नौकरियों में भर्ती, टेंडर प्रक्रिया, विभागीय प्रोन्नति के मामलों में रोज ही गड़बड़ी की शिकायतें सामने आ रही है। अवैध खनन के मामले बढ़ गए हैं। सपा अध्यक्ष ने जारी बयान में कहा कि सरकार के हालात से क्षुब्ध कई भाजपा विधायक व सांसद भी अब अपनी सरकार के खिलाफ आवाज उठाने लगे हैं। झांसी के भाजपा विधायक ने ही बेतवा में अवैध खनन पर क्षोभ व्यक्त किया है। राशन किट के नाम पर सिर्फ मोदी व योगी की फोटो बांटी जा रही है। पर, अधिकारी फाइलों पर ऑल इज वेल की पट्टी लगाकर मुख्यमंत्री को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में उनके ही जनप्रतिनिधियों की नहीं सुनी जा रही है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि महोबा में भाजपा विधायक के रिश्तेदार की पत्थर की खदान में विस्फोट से तीन मजदूर मर गए और कई घायल हो गए। इन मजदूरों का न बीमा था और न ही सुरक्षा मानकों का इंतजाम था। आजमगढ़ के उबारपुर गांव में भाजपा जिलाध्यक्ष के बेटों ने अनुसूचित जाति के मजदूरों की बुरी तरह पिटाई कर दी। कौशांबी के सिराथू क्षेत्र से भाजपा विधायक ने ग्रामीणों को जो राशन किट वितरित किया, उसमें आटे में कीड़े निकले। स्वयंसेवी संगठनों की राहत सामग्री को भाजपा-आरएसएस वाले अपना बताकर बांट रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि कोरोना संकट काल में अपने घर लौट रहे श्रमिकों को सत्ता ने बेगाना बना दिया। जब वोट चाहिए तब भाजपा नेता अपने घर की थाली लेकर अनुसूचित जाति के घरों पर भोजन करके उनसे प्रेम का दिखावटी प्रदर्शन करते हैं लेकिन सत्ता में आने पर इनका शोषण करने में शर्म नहीं करते। हिफी)

epmty
epmty
Top