स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण हेतु वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक - मिनिस्टर ब्रजेश पाठक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल वातावरण को ही शुद्ध नहीं बनाए रखते हैं, बल्कि मानव की अनेक आवश्यकताओं की पूर्ति भी करते है। यह लोगों की आय का साधन भी है।
मंत्री ब्रजेश पाठक आज जनपद गाजीपुर के अंतर्गत ग्राम रईसपुर तहसील सैदपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर पीपल, बरगद, आवंला एवं अन्य पोधो का रोपण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लागों से अपील भी कि वे अधिक से अधिक पौधों का रोपण करें। श्री पाठक ने इस अवसर पर पांच स्कूली बच्चों को पौधें भी रोपण करने हेतु प्रदान किये।
विधि मंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज का दिन अत्यंत ऐतिहासिक है। आज भारत छोड़ो आंदोलन की 77वीं वर्षगांठ हैं राज्य सरकार ने आज के दिन पूरे प्रदेश में 22 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा है। वृक्षारोपण का सफल आयोजन सहभागिता से ही सम्भव है। अतः लोगों को व्यक्तिगत रूचि लेकर अधिकाधिक पौधों का रोपण करना चाहिए और दूसरों को भी इसके लिये प्रेरित करें। उन्होंने स्कूली बच्चों से भी अधिकाधिक पौधे लगाने की बात कही।
इस मौके पर जिलाधिकारी के0 बाला, मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया, प्रभागीय निदेशक वन, जी0सी0 त्रिपाठी सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित थे।