समुद्र तट से टकराया यास-कई राज्यों में भारी बारिश-कई जगह अलर्ट

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान यास बेहद रौद्र रूप धारण करते हुए समुद्र तट से टकरा गया है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में यास तूफान द्वारा मचाए जा रहे तांडव को देखते हुए बिहार समेत कई अन्य राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में जोखिम वाले क्षेत्रों से 12 लाख से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
बुधवार को चक्रवाती तूफान यास ओडिशा के दक्षिण में बालासोर के पास पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक सवेरे 9.00 बजे से राज्य में लैंडफाल की प्रक्रिया जारी है। जिसके चलते राज्य भर में जोरदार तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र में ऊंची ऊंची लहरें उठ रही है। कई स्थानों पर रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया है। आईएमडी डीजी मृत्युंजय महापात्र ने बताया है कि चक्रवाती तूफान यास की वजह से सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाने वाली हवा बालेश्वर, भद्रक और पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर में चल रही है। ओडिशा के भीतर कई जिलों में हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की है।
हवा की यह रफ्तार आज रात तक रहने की संभावनायें है। उसके बाद काफी हद तक हवा की रफ्तार कम हो जाएगी। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। उधर चक्रवाती तूफान यास बालेश्वर के दक्षिण में ओडिशा तट को पार कर रहा है। अभी इसकी हवा की गति लगभग 130 से 140 किलोमीटर प्रति घंटे की है। राज्य भर में तेज हवाएं चल रही है लैंडफॉल की प्रक्रिया अभी जारी है।