ससुराल से लौटते समय युवक ने बीच सड़क किया आत्मदाह

ससुराल से लौटते समय युवक ने बीच सड़क किया आत्मदाह

बांदा। ससुराल से लौट रहे युवक ने बीच सड़क पर आत्मदाह कर लिया। शादी के महज 53 दिन बाद ही युवक ने जीवन को खत्म करने का यह हौलनाक कदम उठाया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक को एंबुलेंस की सहायता से ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराए गए युवक ने हायर सेंटर जाते समय दम तोड़ दिया। युवक के परिवारजनों ने उसकी ससुराल वालों पर आत्मदाह को मजबूर करने का आरोप लगाया है।

बिसंडा थाना क्षेत्र के गांव पारा बिहारी निवासी बसंत लाल की शादी इसी वर्ष की 5 जून को बबेरू के मिलाधू गांव में हुई थी। 3 दिन पहले ससुराल गया बसंत बुधवार की दोपहर अपने घर लौट रहा था। पल्हारी रोड पर पहुंचते ही युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगा ली। युवक को बीच सड़क पर जलता हुआ देखकर आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई। भाग दौड़ कर मौके पर पहुंचे लोगों ने कंबल आदि डालकर बसंत के शरीर में लगी आग को बुझाया। लोगों ने एंबुलेंस बुलवाकर झुलसे बसंत को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों द्वारा गंभीर हालत के चलते बसंत को कानपुर के लिए रेफर कर दिया। युवक को जिस समय इलाज के लिए कानपुर ले जाया जा रहा था तो उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में बुरी तरह से कोहराम मचा हुआ है। पीड़ित परिजनों ने मृतक युवक के ससुराल वालों पर उसे आत्महत्या करने को उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र प्रताप चौहान ने बताया है कि युवक द्वारा की गई आत्महत्या का मामला ससुराल में हुए विवाद के बाद आत्मदाह का लग रहा है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ समुचित कार्रवाई की जाएगी।

epmty
epmty
Top