विंध्य नवरात्र मेले का हुआ शुभारंभ

विंध्य नवरात्र मेले का हुआ शुभारंभ
  • whatsapp
  • Telegram
  • koo

विंध्याचल। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित रविवार भोर में मंगला आरती के बाद विश्व प्रसिद्ध विंध्याचल नवरात्र मेला शुरू हो गया। पहले दिन लाखों श्रद्धालुओं ने विंध्य क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन पूजन किए।

भक्तों ने त्रिकोण यंत्र पर विराजमान मां अष्टभुजा देवी एवं मां काली के दरबार में हाजिरी लगायी। भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विंध्यधाम में इस समय अजूबा दृश्य है। पूरे मंदिर परिसर को विदेशी फूलों से सजाया गया है,जो देखते बन रहा है। दिल्ली के एक भक्त ने 80 लाख रुपए खर्च कर धाम को सजवाया है। न्यूजीलैंड, स्विट्जरलैंड तथा था‌इलैण्ड आदि देशों से लाए गए इन फूलों का दस दिन तक ताजा बने रहने का गुण है। दिल्ली कोलकाता से आए कारीगरों ने दरबार को सजाने में कोई कोताही नहीं बरती है।

रविवार भोर में आरती शुरू होने से पहले भक्तों की लम्बी कतारें लग गई थी। आज सारे दिन भक्तों का रेला लगा रहा। दूर दूर से आए लाखों भक्तों ने मां के दर्शन किए। विंध्य कोरिडोर निर्माण के बाद से यहां भक्तों की संख्या में गुणात्मक परिवर्तन हुआ है। देवी विंध्यवासिनी का चार बार श्रृंगार किया जाता है जो अर्थ, धर्म, काम एवं मोक्ष का प्रतीक माना जाता है।

श्रद्धालुओं की भीड़ की दृष्टि से जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मेला अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि भीड़ नियंत्रण के लिए जगह-जगह बैरियर लगाएं गये। क्षमता से अधिक भीड़ होने की स्थिति में भीड़ को जगह जगह रोक दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में यात्रियों की मौलिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। मेला क्षेत्र को जोनों और सेक्टरों में बाट कर व्यवस्था की गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि आंतकवादी गतिविधियों पर नियंत्रण रखने में दक्ष एटीएस के जवान भी तैनात किए गए हैं। ऐसा यहां पहली बार हुआ है। घुड़सवार पुलिस,जल पुलिस बम डिस्पोजल स्क्वाड, यातायात पुलिस के साथ खुफिया एजेंसी भी तैनात की गई है।

रेलवे और रोडबेज ने यात्रियों की सहूलियत के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रा को सुगम बनाने के लिए सड़क मार्ग से आने वाले भक्तों के लिए परिवहन निगम ने दो सौ बसे लगायी हैं, जो विभिन्न जिलों से जोड़ी गई है। रेलवे विंध्याचल स्टेशन पर ग्यारह अतिरिक्त ट्रेनो का अप एवं डाऊन में स्टापेज दिया है।

epmty
epmty
Top