नवेली दुल्हन से बर्बरता-पति से संबंध बनाने से इंकार पर गर्म चिमटे से दागा

बदायूँ ।नई नवेली दुल्हन के हाथों में लगी हुई मेहंदी अभी तक सूख भी नहीं पाई थी कि ससुरालियों की ओर से शादी के 3 दिन बाद ही दुल्हन के साथ बुरी तरह से हैवानियत की गई।शारीरिक संबंध बनाने से इंकार करने से बुरी तरह से खफा हुए पति ने पहले उसे डंडे से पीटा। फिर गर्म चिमटे से उसके शरीर को कई जगह से दागा। गंभीर हालत में विवाहिता को जिला महिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पीडिता की बड़ी बहन का कहना है कि मेरी बहन ने पति से संबंध बनाने से इंकार किया तो आरोप है कि नई नवेली दुल्हन को गर्म चिमटे से दागा गया और उसके नाजुक अंगों को क्षति पहुंचाई गई है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर पति और साथ में परिवार के सात अन्य लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है।
शनिवार को पुलिस ने बताया है कि जनपद के उस्मानपुर गांव के सुनील की शादी सहसवान थाना क्षेत्र के गांव मुडारी सिधारपुर निवासी युवती उर्मिला के साथ इसी माह की 21 जून को हिंदू रीति रिवाज के साथ हुई थी। लड़की के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद मायके से विदा होने के पश्चात जब नवविवाहिता ससुराल पहुंची तो उसी समय ससुरालिये उसे प्रताड़ित करने लगे।
आरोप है कि नवविवाहिता ने जब पति के साथ शारीरिक संबंध बनाने से इंकार कर दिया तो खफा हुए पति और अन्य ससुराल वालों ने पहले विवाहिता की डंडे से पिटाई की। इसके बाद गर्म चिमटे से नवविवाहिता के शरीर को कई जगह से दागा गया। यह हैवानियत विवाहिता की बडी बहन के मौजूदगी में अंजाम दी गई। इस मामले में एसएसपी बदायूं संकल्प शर्मा ने बताया कि एक मामला जरीफनगर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है और गंभीर आरोप लगाए हैं। जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। नव विवाहिता को मेडिकल के लिए महिला अस्पताल में भर्ती कराया है।