चाचा चाची ने किया था मासूम का अपहरण

चाचा चाची ने किया था मासूम का अपहरण

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के अनूपशहर क्षेत्र में पुलिस ने घटना के महज आठ घंटे के भीतर अपहृत मासूम को मुक्त करा लिया और अपहरण के आरोपी बच्चे के चाचा चाची को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि डूंगरा जोगी गांव से सोमवार को हुए सवा महीने के मासूम का अपहरण उसके चाचा चाची ने ही स्वास्थ्य कर्मी बनकर किया था। पुलिस ने दोनो को गिरफ्तार कर लिया है। ग्राम डूगरा जोगी निवासी संजय शर्मा उर्फ संजीव और उसकी पत्नी सुधा दोनों दिव्यांग हैं। संजीव ने बताया कि उसकी पत्नी ने 40 दिन पूर्व बुलंदशहर के एक निजी अस्पताल में पुत्र को जन्म दिया था।

आरोप है कि सोमवार को कार में सवार एक महिला ने उसके घर पहुंची जिसने अपने मुंह पर स्काफ बांध रखा था और उसकी वेशभूषा स्वास्थ्य कर्मी जैसी थी। उसने बच्चे का टीकाकरण कराने को कहा जिस पर संजीव के पिता निरंजन शर्मा बच्चे को घर से गोद में लेकर कार के पास आ गए और कथित स्वास्थ्य कर्मी महिला ने अपनी गोद में ले लिया और निरंजन शर्मा से कहा कि कॉटन खत्म हो गई है, वह घर से कॉटन ले आएं जैसे ही निरंजन शर्मा घर जाने के लिए पलटे वैसे ही कार सवार महिला पुरुष कार समेत मौके से रफूचक्कर हो गए।

शोर मचाने पर ग्रामीणों ने कार का पीछा किया और बच्चे के अपहरण की सूचना पुलिस को दी गयी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीम गठित कर दी। बच्चे के दादा निरंजन शर्मा ने पुलिस को बताया कि गाड़ी पर लगी नंबर प्लेट में यूपी 14 अंकित था। इस पर पुलिस ने गाजियाबाद इलाके में अपहरणकर्ताओं की खोज शुरू कर दी। जानकारी मिली कि संजय शर्मा का छोटा भाई सुभाष अपनी पत्नी प्रियंका के साथ गाजियाबाद के राज नगर क्षेत्र में रहता है। सुभाष किसी निजी कंपनी में कार्यरत है और दोनों के कोई बच्चा भी नहीं है।

सिंह ने बताया कि शक की सुई संजय शर्मा और उसकी पत्नी की ओर घूमने लगी। पुलिस की एक टीम ने गाजियाबाद के राजनगर जाकर इलाके की पुलिस की मदद से संजय और उसकी पत्नी को उसके घर से ही दबोच लिया और 40 दिन का नवजात भी उनके घर से बरामद हो गया। गिरफ्तार संजय उसकी पत्नी प्रियंका ने बताया कि कि वह बच्चा ना होने से परेशान रहते थे क्योंकि उसके भैया भाभी दोनों दिव्यांग हैं, इस कारण वे अपने बच्चे की परवरिश सही ढंग से नहीं कर पाएंगे। अच्छी परवरिश करने के उद्देश्य उन्होंने बच्चे का अपहरण कर लिया।

वार्ता

epmty
epmty
Top