लड़की की बारात आने से पहले गिरी दीवार की चपेट में आकर दो लोगों की मौत

लड़की की बारात आने से पहले गिरी दीवार की चपेट में आकर दो लोगों की मौत

पीलीभीत। धूमधाम के साथ चल रही शादी की तैयारियां मकान की कच्ची दीवार के गिरते ही मातम में तब्दील हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत और आधा दर्जन लोगों के घायल होने के बाद औपचारिक तौर पर संपन्न की गई शादी के उपरांत दुल्हन को सवेरे के समय विदा किया गया।

बीसलपुर थाना क्षेत्र के भसूडा गांव में रहने वाले छेदालाल की बेटी काजल की शनिवार को आने वाली बारात के स्वागत की तैयारियां चल रही थी। इसी दौरान पड़ोसी दिनेश कुमार शर्मा के घर की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। जिसकी चपेट में आने से दुल्हन के पिता समेत 8 लोग घायल हो गए। मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच सभी घायलों को अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया गया। जहां बरेली के जनपद के भूता थाना क्षेत्र के रहने वाले दुल्हन के रिश्तेदार चंद्रवीर एवं पड़ोसी महावीर की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन अन्य लोगों का अभी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

कच्ची दीवार गिरने के हादसे में दो लोगों की मौत होने के बाद परिवार में चल रही शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो जाने के बाद दुल्हन की शादी औपचारिकता के माहौल में पूरी करते हुए आज सवेरे दुल्हन को उसकी ससुराल के लिए विदा किया गया। दुल्हन के पिता छेदा लाल ने बताया है कि बेटी की शादी की खुशियों के बीच यह हादसा हुआ है।

epmty
epmty
Top