हुर्रे मंत्री की भैंस ढूंढने वाली पुलिस घोड़ी को भी खोजने में कामयाब

हुर्रे मंत्री की भैंस ढूंढने वाली पुलिस घोड़ी को भी खोजने में कामयाब

रामपुर। पुलिस किसी भी चुनौती को स्वीकार करते हुए उसका समाधान करने में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरत रही है। तत्कालीन कैबिनेट मंत्री की भैंस और तत्कालीन जिलाधिकारी के लापता हुए कुत्ते को ढूंढकर लाने में सफल रही रामपुर पुलिस द्वारा एक बार फिर से चुनौतीपूर्ण कार्य को पूरा कर दिया गया है। कांग्रेस नेता की लापता हुई घोड़ी महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर ली गई है। कांग्रेस नेता की लापता हुई घोड़ी को ढूंढने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थी।

दरअसल रामपुर के किसान प्रकोष्ठ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हाजी नाजिश खान की घोड़ी 5 नवंबर की रात उस समय चोरी हो गई थी, जब उनकी पालतू घोड़ी तोपखाना स्थित लाला की चक्की के पास बंधी हुई थी। घोड़ी के चोरी हो जाने की आशंका जताते हुए कांग्रेस नेता ने ट्विटर के माध्यम से एडीजी जोन बरेली को इस बाबत जानकारी भेजी थी। एडीजी ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस को इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। जिसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर आनलाइन एफआईआर दर्ज कर ली थी। कांग्रेस नेता नाजिश खान की माने तो वह अपनी घोड़ी को अपने परिवार का हिस्सा मानते थे। बहुत प्यार से उन्होंने उसे पाला था। इस घोड़ी को नाजिश खान ने 82000 रूपये में खरीदा था। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता की लापता हुई घोड़ी को ढूंढने के लिए तीन पुलिसकर्मियों समेत एसओजी के दो जवानों को भी लगाया गया था। घोड़ी की चोरी को लेकर पुलिस ने तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जिनसे मिली जानकारी के बाद घोड़ी के बारे में पुलिस को सुराग मिल सका। पुलिस के मुताबिक घोड़ी को काशीपुर आदा गांव में बरामद किया गया है।



epmty
epmty
Top