मायके से ससुराल आई पत्नी को गला दबाकर पति ने सुलाया मौत की नींद

बिजनौर। मायके से चलकर ससुराल पहुंची महिला की रात के समय पति ने गला दबाकर हत्या कर दी और खुद ही पुलिस को मामले की सूचना दे दी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मृतका का शव पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जनपद बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव सदाफल में रहने वाली 30 वर्षीय प्रियंका की उसके पति ने रविवार की देर रात गला दबाकर हत्या कर दी है। मृतका रविवार को ही अपने मायके से ससुराल आई थी। बताया जा रहा है कि तकरीबन 4 वर्ष पहले ही मृतका प्रियंका ने अपने देवर जॉनी के साथ शादी की थी। 5 वर्ष पहले मृतका प्रियंका की शादी हत्यारोपी देवर के बड़े भाई दीपक के साथ हुई थी। लेकिन 4 साल पहले पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर हुए झगड़े के बाद दीपक ने रेल से कटकर आत्महत्या कर ली थी। पति की मौत के बाद प्रियंका ने अपने देवर जॉनी के साथ कोर्ट मैरिज कर विवाह कर लिया था। सूचना मिलने के बाद गांव में पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी का कहना है कि हत्यारोपी पति जॉनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।