टोल प्लाजा पर रोके गए नरेश टिकैत के बेटे ने हाईवे पर लगाई हुक्का चौपाल

टोल प्लाजा पर रोके गए नरेश टिकैत के बेटे ने हाईवे पर लगाई हुक्का चौपाल

मेरठ। राजधानी दिल्ली के लाल किला मैदान पर संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से आहूत की गई किसान महा पंचायत में शामिल होने जा रहे किसान नेता नरेश टिकैत के बेटे ने टोल प्लाजा पर पुलिस द्वारा रोके जाने पर हाईवे किनारे की डेरा डालते हुए हुक्का चौपाल शुरू कर दी है।

बृहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के बेटे गौरव टिकैत संगठन के कार्यकर्ताओं एवं किसानों के साथ राजधानी दिल्ली के लाल किला मैदान पर संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से बुलाई गई किसान महापंचायत में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

काशी टोल प्लाजा पर गौरव टिकैत को पहले से ही घेराबंदी करके खड़ी पुलिस द्वारा रोक लिया गया। दिल्ली जाने को लेकर पहले तो किसानों की पुलिस के साथ नोक झोंक हुई, लेकिन इसके बाद किसानों ने टोल प्लाजा के पास ही हाईवे के किनारे पर डेरा डालते हुए दरिया बिछा ली और चौपाल लगाते हुए हुक्का गुड़गुड़ाना शुरू कर दिया।

इस दौरान गौरव टिकैत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों से जो वादे किए गए थे उन्हें पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा है कि सरकार चुनावी मौसम में लोगों के बीच रेवड़ियां बांटती है तो किसान भी क्यों पीछे रहे, उन्हें भी रेवड़िया बांटने के लिए किए गए वादे पूरे करने चाहिए।

epmty
epmty
Top