मोदी सरदार पटेल के सपनों को कर रहे हैं साकार: शर्मा

मोदी सरदार पटेल के सपनों को कर रहे हैं साकार: शर्मा

भोपाल, मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा देश की एकता और अखंडता के लिए किए गए कामों और सपनों को आगे बढ़ाने और साकार करने का काम कर रहे हैं।

शर्मा ने सरदार पटेल की जयंती पर यहां प्रदेश कार्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए यह बात कही। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में देश के पहले गृह मंत्री लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने सरदार पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, रजनीश अग्रवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाहा, राघवेन्द्र गौतम, पवन दुबे, शिशिर बडकुल, राकेश शर्मा आदि उपस्थित थे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ऐसे व्यक्ति और नेता थे, जिन्होंने इस देश को एक सूत्र में बांधा। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए जो काम किए थे, जो सपने देखे थे, उन्हें प्रधानमंत्री मोदी आगे बढ़ा रहे हैं, साकार कर रहे हैं। सरदार पटेल की जयंती पर आज हम सभी पार्टी कार्यकर्ता और प्रदेशवासी यह संकल्प लेते हैं कि देश की एकता और अखण्डता के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे, उनके बताये मार्ग पर चलकर देश को एकता के सूत्र में पिरोएंगे।

शर्मा ने एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि हिन्दुत्व एक जीवन शैली है, जो इसके अनुसार अपना जीवन जीने से आती है, कहने से नहीं आती। यदि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इस विचार पर चलना चाहते हैं, तो अच्छी बात है, लेकिन केवल राजनीति के लिए किसी एजेंडे पर चलना उचित नहीं है और देश की जनता इसे बखूबी जानती है। शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश में छल-कपट के अलावा न कुछ किया है और न करेगी। फूट डालो-राज करो कांग्रेस के जींस में है और कांग्रेस के नेता उसी नीति पर चलना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी सकारात्मकता के साथ कार्य कर रही है। राजस्थान के मानगढ़ में प्रधानमंत्री मोदी एक ऐतिहासिक काम करने जा रहे हैं। यहां जनजातीय समाज के सैकड़ों भाई-बहनों ने लंबे समय तक आजादी के लिए संघर्ष करते हुए अपना जीवन बलिदान दिया था। देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में यह जलियांवाला बाग से भी बड़ा नरसंहार था। मानगढ़ की जिस भूमि पर हमारे सैकड़ों जनजातीय भाइयों ने अपने प्राणों का उत्सर्ग किया था, प्रधानमंत्री मोदी आजादी के अमृत महोत्सव में उस मिट्टी को नमन करने जा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम में शामिल होने झाबुआ, अलीराजपुर समेत प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग जाएंगे।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा की बजाय भारत को जानने की यात्रा निकालनी चाहिए। उन्हें देश की अन्य नदियों के साथ ही मां नर्मदा का महत्व भी समझना चाहिए। राहुल गांधी अगर नर्मदा में जाकर स्नान करेंगे तो अच्छा ही होगा। शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी को देश-प्रदेश के उन स्थानों को भी देखना चाहिए, जहां सैकड़ों क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया और देश को आजादी दिलायी।

Next Story
epmty
epmty
Top