पूर्व जिला पंचायत सदस्य के घर बदमाशों का धावा- 15 लाख की लूट

पूर्व जिला पंचायत सदस्य के घर बदमाशों का धावा- 15 लाख की लूट

सीतापुर। पूर्व जिला पंचायत सदस्य के घर पर धावा बोलते हुए बदमाशों ने उनकी पत्नी को हथियारों के बल पर बंधक बनाते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया है। बदमाश तकरीबन 15 लाख रुपए की संपत्ति लूट कर ले गए हैं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल की जांच पड़ताल कर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

जनपद के थाना अटरिया क्षेत्र के गांव धरावागढी के रहने वाले पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह के मकान पर धावा बोलते हुए शनिवार की रात बदमाशों ने पीछे की ओर से घर में प्रवेश किया। कमरे में सो रही पूर्व जिला पंचायत सदस्य की पत्नी शीला सिंह को मकान में घुसे बदमाशों ने हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। विरोध करने पर बदमाशों द्वारा पूर्व जिला पंचायत सदस्य की पत्नी की पिटाई भी की गई। घटना के समय राजेंद्र सिंह घर के बाहर बने बरामदे में सो रहे थे, इसलिए उन्हें घटना की जानकारी नहीं हो सकी। बदमाशों ने इत्मीनान के साथ घर को खंगालने का अभियान चलाते हुए अलमारी के ताले तोड़े और उसमें रखे मिले सोने चांदी के जेवरात,300000 रुपए की नगदी, बर्तन और अन्य कीमती सामान अपने कब्जे में कर लिया और समेटे गए सामान को लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पत्नी ने शोर शराबा कर स्वयं को बंधन मुक्त करने की गुहार लगाई। रात के सन्नाटे में चीखने चिल्लाने की आवाज को सुनकर राजेंद्र सिंह समेत अन्य लोगों की आंख खुल गई और वह भाग दौड़ कर मौके पर पहुंचे। जहां कमरे में राजेंद्र सिंह की पत्नी बंधक बनी हुई पड़ी थी। शीला को खोलकर बंधन मुक्त किया गया। जांच में पता चला कि बाइक के पहियों के निशान कुछ दूरी तक पाए गए हैं। घर के कुछ खाली बक्से भी बाहर पड़े मिले हैं। लूट की जानकारी मिलते ही सीओ सिधौली यादवेंद्र यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की छानबीन की। उन्होंने बताया है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। कुछ संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने दावा किया है कि घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।

epmty
epmty
Top