हजारों किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचा माही का फैन-धोनी ने ऐसे जीता दिल

हजारों किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचा माही का फैन-धोनी ने ऐसे जीता दिल

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को पहले ही अलविदा कह चुके भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के प्रति लोगों की दीवानगी अभी तक भी कम नहीं हुई है। तकरीबन 1436 किलोमीटर की पैदल ही यात्रा करते हुए धोनी से मिलने को उनका फैन रांची पहुंच गया। लेकिन माही ने भी अपने फैन को निराश नहीं किया, बल्कि उसे गले लगाया और सेल्फी खिंचवाई। अपने आइडियल से मिलने के बाद फैन बोला कि उसका जीवन धन्य हो गया है।

दरअसल दीवानगी की सारी हदें पार करते हुए अजय गिल नाम के युवक ने अपने आइडियल भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मिलने का सपना अपने मन के भीतर पाला। सपने को पूरा करने के लिए धोनी का फैन पैसो के अभाव में पैदल ही अपने घर से निकल पड़ा। हालाके तीसरी बार के प्रयास में युवक को अपने आइडियल से मिलने में कामयाबी हाथ लगी। दरअसल पहली बार जब यात्रा करते हुए अजय गिल रांची पहुंचा तो उसे पता चला कि महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग 2021 में हिस्सा लेने के लिए यूएई गए हुए हैं। 16 दिन में पैदल ही चल कर दूरी तय करने वाले युवक को निराशा हाथ लगी। लेकिन उसने इस निराशा को अपने जज्बे के ऊपर हावी नहीं होने दिया। अजय गिल ने एक बार फिर से अपने आइडियल से मिलने की ठानी और अपने आदर्श से मिलने के लिए घर से निकल पड़ा। लगभग 18 दिन तक 1436 किलोमीटर की यात्रा तय करते हुए रांची पहुंचे धोनी के फैन की मेहनत रंग लाई और उसे अपने आइडियल से मिलने का मौका मिल गया। महेंद्र सिंह धोनी ना केवल अपनी धुन के पक्के फैन से मिले, बल्कि वापस लौटने के लिए उसे फ्लाइट का टिकट भी दिया। अपना ऑटोग्राफ देने के अलावा महेंद्र सिंह धोनी ने फैन के साथ सेल्फी खिंचवाई और अपने फार्म हाउस पर उसके रुकने की व्यवस्था कराई। धोनी ने अपने फैन के लिए जो व्यवस्थाएं की हैं, उसकी जमकर तारीफ हो रही है। समस्तीपुर लाइव डॉट कॉम वेबसाइट के मुताबिक 18 साल का अजय गिल महेंद्र सिंह धोनी से मिलने के बाद कह रहा है कि उसका जीवन धन्य हो गया है। इस नौजवान ने कहा है कि मैंने शपथ ग्रहण की थी कि जब तक धोनी उसे अपना आशीर्वाद नहीं देंगे, वह क्रिकेट नहीं खेलेगा। जिस समय महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फैसला सुनाया था उसी समय उसने भी क्रिकेट खेलना छोड़ दिया था।



epmty
epmty
Top