EX सांसद के घर के बाहर पुलिसकर्मियों का भारी बंदोबस्त

मुंबई। मुंबई में मुलुंड के पूर्वी उपनगर में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है ताकि उन्हें कोल्हापुर की अपनी योजनाबद्ध यात्रा के लिए आगे बढ़ने से रोका जा सके।
पूर्व सांसद किरीट सोमैया कोल्हापुर स्थित एक चीनी कारखाने में कथित तौर पर हुई वित्तीय अनियमितताओं को उजागर करने वहां जाने वाले थे। वह आज शाम महालक्ष्मी ट्रेन से कोल्हापुर रवाना होने वाले थे लेकिन पुलिस ने उन्हें घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी। पुलिस कोल्हापुर जिलाधिकारी द्वारा भाजपा नेता को कोल्हापुर जिले में उनके प्रवेश पर रोक लगाने संबंधी जारी नोटिस भी उनको देने गई थी। पुलिस ने मुलुंड क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने कहा कि कोल्हापुर जिलाधिकारी की ओर से उस जिले में प्रवेश न करने का नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा,"उन्हें मुंबई में अपने घर से बाहर क्यों नहीं जाने दिया गया।" उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया और दावा किया कि यह उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की तानाशाही है। उन्होंने कोल्हापुर जाने का संकल्प लेते हुए आरोप लगाया,"यह महा विकास अघाडी सरकार एक 'घोटाला मास्टर' सरकार है। मैं एमवीए सरकार का पर्दाफाश करने जा रहा हूं।"
सरकार के रुख पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के राज्य प्रमुख चंद्रकांत पाटिल ने पूछा कि उन्हें (श्री सोमैया को) अपने घर से बाहर जाने की अनुमति क्यों नहीं दी गई और कहा कि वह एक पूर्व सांसद हैं कोई अपराधी नहीं हैं।