भाजपा के विरोध के बीच जीएसटी संशोधन बिल पास-बीजेपी एमएलए सस्पेंड

भाजपा के विरोध के बीच जीएसटी संशोधन बिल पास-बीजेपी एमएलए सस्पेंड

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन दिल्ली वस्तु एवं सेवा कर संशोधन विधेयक 2021 को पारित कर दिया गया है। इस दौरान विपक्षी भारतीय जनता पार्टी की ओर से एक ही दिन के भीतर विधेयक को पेश करने और बाद में उसे पारित किए जाने को लेकर इसका जमकर विरोध किया गया। ज्यादा हंगामा किए जाने पर एक भाजपा विधायक को अगले सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया है।

शुक्रवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र में दिल्ली वस्तु एवं सेवाकर संशोधन विधेयक 2021 को पेश करते हुए कहा कि इन परिवर्तनों के माध्यम से व्यापारियों के कामकाज को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी। पारित किए गए विधेयक के जरिए दिल्ली जीएसटी कानून में 15 नए संशोधन किए गए हैं। उन्होंने कहा है कि जीएसटी एक नया कानून है। सरकार की जानकारी में आया है कि कुछ लोग टैक्स की चोरी कर रहे हैं। इसलिए प्रस्ताव में किए गए संशोधनों का उद्देश्य कर चोरी को रोकना है। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि इनमें से एक संशोधन डेढ़ करोड़ और उससे अधिक के कारोबार वाले पंजीकृत व्यापारियों के अनिवार्य ऑडिट की आवश्यकता को दूर करता है। जिस समय यह विधेयक पेश किया जा रहा था उस समय भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने सरकार द्वारा विधेयक लाने और उस पर चर्चा करने तथा उसी दिन इसे पारित करने पर आपत्ति जताई। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने सदन की कार्यवाही बाधित करने के लिए भाजपा विधायक ओम प्रकाश शर्मा को अगले सत्र के लिए निलंबित कर दिया है। अध्यक्ष के इस फैसले के विरोध में भाजपा के सभी विधायकों ने सदन से वाकआउट कर दिया। दिल्ली विधानसभा के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने सदन में प्रश्नकाल के दौरान आम आदमी पार्टी विधायक सोमनाथ भारती के बारे में व्यंग्यात्मक टिप्पणी की, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद भारती समेत आप के कुछ विधायक सदन के आसन के निकट आ गए और बिष्ट से माफी की मांग करने लगे। इसके बाद मोहन सिंह बिष्ट, ओम प्रकाश शर्मा, जितेंद्र महाजन, अनिल बाजपेयी समेत भाजपा विधायकों ने भी नारेबाजी शुरू कर दी। अध्यक्ष ने आप विधायकों को अपनी सीटों पर लौटने का निर्देश दिया और बिष्ट से माफी मांगने को भी कहा। उन्होंने भाजपा के अन्य विधायकों से भी शांति बनाए रखने की अपील की।

epmty
epmty
Top