अस्पताल में लगी आग- मौके पर पहुंचे DM और कप्तान

अस्पताल में लगी आग- मौके पर पहुंचे DM और कप्तान

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में आज एक निजी अस्पताल में आग लगने के कारण वहां भर्ती लगभग 80 मरीजों की जान पर बन आयी। मरीजों को आनन फानन में दूसरी अस्पतालों में भेजा गया।

चार मरीज अग्निकांड के कारण प्रभावित हुए हैं, जिनमें से दो को इंदौर भेजा गया है।

पाटीदार अस्पताल में दोपहर में आग लगने के बाद उस पर लगभग आधा घंटे में काबू पा लिया गया। बताया गया है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी। आग के कारण गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) और इससे लगी कुछ अन्य इकाइयां पूरी तरह नष्ट हो गयीं।

अस्पताल में मौजूद लोगों ने दमकल कर्मचारियों और अन्य लोगों की मदद से मरीजों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। सूचना मिलने पर कलेक्टर आशीष सिंह और पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार शुक्ल भी मौके पर पहुंचे। आग लगने के समय अस्पताल में 80 मरीज भर्ती थे। सभी को सुरक्षित निकालकर निजी अस्पतालों में भर्ती करवा दिया गया है।

आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि इस अग्निकांड के कारण चार मरीज प्रभावित हुए हैं, इनमें से दो की स्थिति गंभीर होने पर इनको बेहतर इलाज के लिए इंदौर भेजा गया है। शेष दो का यहीं पर इलाज किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना के बारे में कलेक्टर से जानकारी प्राप्त की तथा गंभीर रूप से घायल मरीजों का उपचार शासन के खर्चे पर करवाने के निर्देश दिए।

वार्ता



epmty
epmty
Top