शिक्षा और महिला सशक्तिकरण सर्वोच्च:कोविंद

शिक्षा और महिला सशक्तिकरण सर्वोच्च:कोविंद

कासरगोड। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा कि केरल ने साक्षरता, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के महत्वपूर्ण मानकों पर अन्य राज्यों का नेतृत्व किया है।

कोविंद ने यहां केंद्रीय विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि साक्षरता और शिक्षा में प्रगति से उत्कृष्टता के कई अन्य मानकों पर भी केरल अग्रणी राज्य बनने में सक्षम बना है। उन्होंने 21वीं सदी को ज्ञान की सदी के रूप में वर्णित किया और कहा कि ज्ञान की शक्ति वैश्विक समुदाय में एक राष्ट्र का स्थान निर्धारित करेगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने यूनेस्को के ग्लोबल नेटवर्क ऑफ लर्निंग में सूचीबद्ध करने के लिए पूरे देश के तीन शहरों के नामों की सिफारिश की है। इनमें से दो शहर केरल के त्रिशूर और नीलांबुर हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि केरल ने लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण में भी प्रगति की है। केरल में न केवल अनुकूल लिंगानुपात है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण के मामले में भी सबसे आगे रहा है। इस दीक्षांत समारोह में तीन स्वर्ण पदक विजेता लड़कियां हैं। उन्होंने कहा , " मैं देश के अन्य हिस्सों में भी शिक्षा के माध्यम से बेटियों के इस बढ़ते सशक्तिकरण को देख रहा हूं। भविष्य का भारत हमारी बेटियों के समृद्ध योगदान से ज्ञान की शक्ति बनेगा।"




epmty
epmty
Top