फैक्ट्री से गैस लीक होने के कारण शहर में फैला धुआं- मचा हड़कंप

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के औद्योगिक क्षेत्र नागदा की एक फैक्ट्री से आज शाम गैस लीकेज होने के कारण पूरे शहर में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि गैस रिसाव से कोई जनहानि की सूचना नही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के बिरलाग्राम नागदा थाना क्षेत्र में स्थित एक इंडस्ट्रीज से शाम को कुछ समय के लिए गैस लीक होने से पूरे शहर में कोहरा गैस फैल गया। इससे लोगों में हड़कंप मच गया और लोग घरों में घुस गए। लोगों को सांस लेने में तकलीफ, खांसी, जलन और बेचैनी होने लगी एवं पूरे शहर में सफेद धुआ फैल गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि फैक्ट्री से शाम को अचानक गैस सल्फर डाय ऑक्साइड (एसओटू) का रिसाव हो गया जिससे शहर में धुएं के बादल छा गए। गैस रिसाव होने पर लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और आंखों में जलन महसूस होने लगी तो प्रशासन सतर्क हुआ। लोगो में हड़कंप मचने से समझाइश देने और गैस के रिसाव को बंद कराने के लिए जिला मुख्यालय से एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों के अमले को घटनास्थल पर भेजा गया।