महंगाई और अन्य समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरेगी कांग्रेस-प्रियंका

महंगाई और अन्य समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरेगी कांग्रेस-प्रियंका

लखनऊ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस सलाहकार परिषद व रणनीतिक ग्रुप की बैठक में महंगाई, कोरोना, पंचायती चुनाव और संगठन प्रशिक्षण शिविरों को लेकर 1-1 विषय पर गंभीरता के साथ चर्चा की।


सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस सलाहकार परिषद व रणनीतिक ग्रुप की बैठक में महंगाई, कोरोना को लेकर सरकार के कुप्रबंधन, पंचायत चुनाव और संगठन प्रशिक्षण शिविरों पर गंभीरता के साथ चर्चा की। कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि आज देश में दिनोंदिन बढ़ रही महंगाई से जनता बुरी तरह से परेशान होकर त्राहि-त्राहि कर रही है। पेट्रोल और डीजल के अलावा सरसों के तेल व फल एवं सब्जियों के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं। सरकार इस ओर से पूरी तरह से अपनी आंखें बंद किए हुए बैठी है।


उन्होंने कहा है कि आवारा जानवरों से उत्तर प्रदेश का किसान बुरी तरह से परेशान है। सड़कों पर छोड़े गए आवारा गोवंश खेतों में घुसकर भारी मेहनत के साथ बोई गई किसान की फसल को तहस-नहस करने के अलावा उन्हें खाकर किसानों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। खाद, बीज और बिजली पानी के दामों में बढ़ोतरी की वजह से किसानों की लागत दोगुनी हो गई है। लागत के मुकाबले आय कम होने से किसानों की आर्थिक स्थिति डावाडोल हालातों में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में भाजपा द्वारा पुलिस और प्रशासन की मदद से खुलेआम हिंसा करते हुए बेईमानी का खुला नंगा नाच किया गया है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया कि चुनावी जीत हासिल करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने बम, पत्थर और गोलियों तक का सहारा लिया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस सलाहकार परिषद एवं रणनीतिक ग्रुप के सदस्यों ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह से विफल रही है। महंगाई जहां आसमान छू रही है वही बेरोजगारी की वजह से पढे लिखे युवा दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हो रहे हैं। प्रियंका गांधी ने घोषणा की है कि दिनोंदिन बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी तथा उत्तर प्रदेश में व्याप्त जंगल राज के खिलाफ उत्तर प्रदेश कांग्रेस सड़कों पर उतरकर मजबूती के साथ संघर्ष करते हुए जनता की आवाज को सरकार के कानों तक पहुंचाएगी।

Next Story
epmty
epmty
Top