भैंस ने निगला डेढ़ लाख की कीमत का मंगलसूत्र- 2 घंटे तक चला ऑपरेशन

नई दिल्ली। अक्सर ऐसे मामले सामने आते रहते हैं कि जानवर कीमती चीजों को निगल लेते हैं। एक ऐसा ही मामला महाराष्ट्र के वाशिम जिले से सामने आया है, जहां एक किसान की पत्नी का डेढ़ लाख रुपए की कीमत का मंगलसूत्र भैंस ने निगल लिया था। भैंस का ऑपरेशन कराकर मंगलसूत्र को निकाल लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रामहरी किसान की पत्नी ने नहाने के लिए जाते समय मंगलसूत्र को सोयाबीन और मूंगफली के छिलकों की प्लेट में रख दिया। जब रामहरी की पत्नी नहाकर वापस लौटी तो वह भूल गई कि उसने मंगलसूत्र को कहां रखा था। कुछ समय के पश्चात महिला को याद आया कि उसका मंगलसूत्र गायब है, जिसके बाद उसने उसे ढूंढना शुरू किया। महिला को याद आया कि उसने अपने मंगलसूत्र को छिलकों वाली प्लेट में रख दिया था, जिस छिलकों वाली प्लेट को भैंस के सामने खाने के लिए रख दिया था। महिला दौड़ती हुई भैंस के पास पहुंची तो भैंस जब तक प्लेट को खाली कर चुकी थी। इसके बाद महिला ने उसकी पूरी जानकारी अपने पति को दी। पति ने स्थानीय वेटरनरी अफसर बालासाहेब कोनदाने को बुलाया। डॉक्टर ने भैंस के पेट का मेटल डिटेक्टर से टेस्ट किया तो उसमें कुछ सामान होने का इंडिकेशन मिला। इसके बाद पेट का ऑपरेशन कर सोने का मंगलसूत्र निकाला गया। यह ऑपरेशन तकरीबन 2 घंटे तक चला जिसमें भैंस को 60-65 टांके लगे।