विस्फोट: नाबालिग की मौत, भाजपा नेता और परिजन घायल

विस्फोट: नाबालिग की मौत, भाजपा नेता और परिजन घायल

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में गुरूवार शाम हुए ग्रेनेड विस्फोट में एक नाबालिग बच्चे की मौत हो गई, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और परिवार के सदस्य घायल हुए है।

पुलिस ने बताया कि आज शाम हुए ग्रेनेड हमले में भाजपा मंडल अध्यक्ष जसबीर सिंह और परिवार के सदस्यों सहित सात लोग घायल हुए है।

अस्पताल के सूत्रों ने यहां बताया, "गंभीर रूप से घायल एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई है।"

हालांकि, पुलिस और प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

पुलिस ने बताया, "विस्फोट देर शाम राजौरी से कुछ किलोमीटर दूर खांडलू ब्रिज के पास हुआ, जिसमें सात लोग घायल हुए है।"

उन्होंने कहा कि घायलों में भाजपा के युवा नेता शामिल हैं। उन्होंने कहा, "घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया है।"

इससे पहले जम्मू के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) मुकेश सिंह ने विस्फोट की पुष्टि की थी।

उन्होंने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और तलाशी ली जारी है।

उन्होंने कहा, "विस्फोट उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य अपने घर के सामने बैठे हुए थे।"

पुलिस का कुछ अज्ञात लोगों पर ग्रेनेड फेंकने का संदेह है और मामले की जांच की जा रही है।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर भाजपा के (संगठन) महासचिव अशोक कौल ने हमले की निंदा की है।

अशोक कौल ने ट्वीट कर कहा, "हम राजौरी शहर के मंडल अध्यक्ष श्री जसबीर सिंह के आवास पर हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते है, जिसमें उनके परिवार के सात से आठ सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह एक कायरतापूर्ण कार्य है जिसे कभी स्वीकार नहीं किया जाएगा।"

वार्ता

epmty
epmty
Top