अयोध्या में बड़ा हादसा-स्नान करते समय 12 लोग सरयू में समाए

अयोध्या में बड़ा हादसा-स्नान करते समय 12 लोग सरयू में समाए

अयोध्या। पुण्य कमाने के लिए सरयू में स्नान करने के लिए पहुंचे एक ही परिवार के दर्जन भर लोग नहाते समय पानी में समा गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री के आदेश पर पानी में डूबे लोगों की खोजबीन के लिए पुलिस और पीएसी के गोताखोरों को लगाया गया है। अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश देते हुए सीएम ने पीड़ितों की हर मदद का निर्देश दिया है।

शुक्रवार को आगरा के सिकंदराबाद से एक परिवार तीर्थ नगरी अयोध्या में मंदिरों के दर्शन के लिए आया था। मंदिरों के दर्शन से पहले आगरा के सिकंदराबाद से आया यह परिवार सरयू नदी में स्नान करने के लिए गुप्तार घाट पर पहुंच गया। पानी में नहाते समय तेज धारा के कारण दो लोग सरयू में बह गए। जिन्हें बचाने के लिए पानी में उतरे परिवार के दर्जन भर लोग एक-एक करके पानी के भीतर ही समा गए।

दर्जनभर लोगों के एक साथ सरयू में डूब जाने के बाद मौके पर मची लोगों की चीख-पुकार को सुनकर आसपास के लोग पुलिस और प्रशासन को मामले की जानकारी देते हुए मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन में खलबली मच गई। आनन-फानन में अधिकारियों का दल मौके पर पहुंच गया और राहत कार्य शुरू कराते हुए गोताखोरों को तत्काल ही सरयू में उतारा गया। पानी में समाए लोगों की खोजबीन के लिए पीएसी के गोताखोरों को भी बुलाया गया है। उधर एनडीआरएफ को भी सरयू में एक ही परिवार के 12 लोगों को तलाशने के लिए बुलाने की बात कही जा रही है। गुप्तार घाट के किनारे बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अमला पहुंच चुका है। फिलहाल सरयू नदी में समाये लोगों में से किसी एक के बारे में भी अभी पता नहीं चल सका है।

epmty
epmty
Top