असम दौराः झुमुर नृत्य पर थिरकी प्रियंका गांधी

असम दौराः झुमुर नृत्य पर थिरकी प्रियंका गांधी

दिसपुर। असम में चुनाव प्रचार के तहत पहुंची प्रियंका गांधी ने मां कामाख्या के दर्शन करने के बाद झुमुर नृत्य किया। उन्होंने लखीमपुर में चाय जनजाति की महिला व पुरूषों के साथ नृत्य का आनंद लिया।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी दो दिवसीय असम दौरे पर हैं। आज सबसे पहले उन्होंने गुवाहटी में मां कामाख्या के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे लखीमपुर में पहुंची और यहां चाय जनजातियों की बहनों और भाईयों के साथ झुमुर नृत्य में प्रतिभाग किया। इसका वीडियो कांग्रेस ने अपने ट्वीटर हैंडिल पर शेयर किया है।

झुमुर असम के आदिवासी या चाय जनजाति समुदाय का एक पारंपरिक नृत्य है। यह नृत्य युवा लड़कियों और लड़कों द्वारा एक साथ किया जाता है। पुरुष सदस्य लंबे पारंपरिक कपड़े पहनते हैं और कुछ पारंपरिक संगीत वाद्ययंत्रों के साथ लय रखते हैं। आम तौर पर ढोल या मंदार (कन्धों पर टंगी हुई), एक बांसुरी और ताल (दो धातु की तश्तरियां) इस नृत्य में होती है। लड़कियां ज्यादातर नृत्य में भाग लेती हैं तथा एक-दूसरे की कमर को पकड़ते हुए और हाथों और पैरों को आगे और पीछे समन्वय के साथ बढ़ाती हैं। असम की चाय जनजाति के वर्चस्व वाले जिले उदलगुड़ी, सोनितपुर, गोलघाट, जोरहाट, शिवसागर, डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया में इस नृत्य को करने वाले शौकीनों की संख्या बहुत है।

आज चाय जनजाति के लोगों के साथ प्रियंका गांधी ने नृत्य कर यही संदेश दिया कि वे उनके साथ हैं और वे लोग चुनाव के दौरान कांग्रेस का विशेष ध्यान रखें। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी यूपी में किसान पंचायत के बहाने लगातार सरकार पर तंज कस रही हैं और कांग्रेस को संजीवनी दिलाने के लिए पूरी तरह से प्रयासरत हैं। वहीं उन्होंने अब पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनज अपने दौरे का आगाज कर दिया है।

epmty
epmty
Top