लोगों से भरी नाव गंगा में डूबी-मचा हडकंप

लोगों से भरी नाव गंगा में डूबी-मचा हडकंप

मिर्जापुर। मां विंध्यवासिनी के धाम में मंगलवार को हुए हादसे में शिवपुर रामगया घाट पर लोगों से भरी नाव गंगा नदी में समा गई। हादसे की सूचना पाते ही दौड़े मछुआरों, मल्लाहों व तैराकों ने तुरंत ही राहत कार्य शुरू करते हुए गंगा में डूबे लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला। इसी बीच एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने गंगा से निकाले गए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां कई लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।


मंगलवार की सवेरे मां विंध्यवासिनी के धाम विंध्याचल में गांव के महिला, पुरुष और लड़कियां गंगा पार स्थित खेतों में मटर तोड़ने के लिए जा रहे थे। गंगा पार जाने के लिए सभी लोग एक नाव में सवार हुए और गंगा के उस पार खेतों की तरफ चल दिए। नाव चला रहा मल्लाह जब शिवपुर रामगया घाट के सामने पहुंचा तो किन्हीं कारणों से अनियंत्रित होकर नाव गंगा नदी में पलट गई। इस हादसे के देखते ही मौके पर हड़कंप मच गया। नाव के बराबर से ही कुछ मछुआरे जाल लेकर गंगा में मछलियां पकडने के लिए जा रहे थे। इस हादसे को देखते ही मछुआरों ने डूबते लोगों को बचाने के लिए गंगा में छलांग लगा दी। उधर नाव डूबने की जानकारी मिलने पर नाव चलाकर रोजी-रोटी कमाने वाले मल्लाह और तैराक भी मौके पर पहुंच गये और लोगों के बचाव के लिए गंगा में कूद गये। एक एक कर गंगा नदी में डूबे लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। इसी बीच मामले की सूचना पाकर एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई, जिसने राहत कार्य शुरू करते हुए गंगा से निकाले गये लोगों को जिला अस्पताल भिजवाया।

बताया जाता है की नाव में कुल 20 महिला, पुरुष और लड़कियां सवार थी। जिनमें महिलाओं व लड़कियों की संख्या ज्यादा थी। घटना की जानकारी मिलने पर जिला मुख्यालय से जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर मामले की जानकारी प्राप्त की और अस्पताल में जाकर चिकित्सकों को भर्ती कराए गए लोगों का सही तरह से उपचार किये जाने की हिदायत दी।

epmty
epmty
Top