बिचौलिये चला रहे हैं प्रदेश की सत्ता : बाबूलाल

बिचौलिये चला रहे हैं प्रदेश की सत्ता : बाबूलाल

रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को सभी मोर्चे पर विफल करार दिया और कहा कि प्रदेश की सत्ता बिचौलिये चला रहे हैं।

बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को यहां बेरमो एवं दुमका उप चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के संयुक्त अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि राजग के घटक दल पूरी ताकत के साथ मिलकर उप चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। राज्य की हालात बद से बद्दतर होती जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के बेरोजगारों को रोजगार देने के बजाए खुद ट्रांसफर-पोस्टिंग में व्यस्त है। हद तब हो जाती है जब मुख्यमंत्री जिस दिन स्थानांतरण करते हैं उसी दिन उसे रद्द भी करते हैं। इसका सीधा मतलब है कि बिचौलिये सत्ता चला रहे हैं।

ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का इतिहास रहा है जनता को ठगना। वोट की राजनीति में जनता को झूठा सब्जबाग दिखला कर जनता को ठगने का काम किया है। यह उप चुनाव दिशाविहीन नेतृत्व और वादा खिलाफी के खिलाफ लड़ा जाएगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड आंदोलन से लेकर अब तक जब-जब आजसू -भाजपा साथ लड़ी है, जीत सुनिश्चित हुआ है। राज्य का विकास हुआ है जबकि कांग्रेस-झामुमो ने आंदोलन को बेचा है। यह उप चुनाव परिवारवाद बनाम लोकतंत्र, गिरता कानून स्तर, अपराध में बेतहाशा वृद्धि, हत्या, बलात्कार के बढ़ते मामलों के खिलाफ, आदिवासी, किसान और विकास विरोधी सरकार के खिलाफ लड़ा जाएगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि कि इस गठबंधन के तहत भाजपा, आजसू, लोजपा, जदयू और झामुमो (उलगुलान) एक साथ मिलकर सत्तारूढ़ दल के खिलाफ चुनाव लड़ेगी। चुनाव में संचालन समिति राजग गठबंधन का बनेगा। यह गठबंधन सिर्फ चुनाव के लिए नहीं बल्कि सत्ता में बैठे घमंडी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए होगा।

वार्ता

epmty
epmty
Top