नीतीश को अपने काम पर भरोसा नहीं : कांग्रेस

नीतीश को अपने काम पर भरोसा नहीं : कांग्रेस

पटना। कांग्रेस ने बिहार की नीतीश सरकार पर पिछले पंद्रह वर्ष में विकास कार्य नहीं कर पाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इन वर्षों में अपने किए काम पर थोड़ा भी भरोसा होता तो वह उसके एवज में जनता से वोट मांगते न कि पूर्ववर्ती सरकारों के गड़े मुर्दे उखाड़ते।

बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने पार्टी की विधानसभावार ऑनलाइल रैली क्रांति महासम्मेलन में शनिवार को मधेपुरा और सहरसा जिले के कार्यकर्ता एवं जनता को संबोधित करते हुए कहा कि 15 वर्ष तक सत्ता में रहने के बाद कोई मुख्यमंत्री 15 वर्ष पुरानी लाश को कब्र से उखाड़ने की बात करे तो इसका एक ही मतलब निकलता है कि वह मुख्यमंत्री अपने 15 वर्षों के शासनकाल में कोई काम नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपने किए गए कार्यों पर थोड़ा भी भरोसा होता तो वह आज जनता से अपने किए गए कार्यों के एवज में वोट मांग रहे होते।

बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि 15 वर्षों तक सत्ता में रहने के बाद भी मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुमार को अकेले अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जदयू कभी किसी का सिर पकड़कर तो कभी किसी का पैर पकड़कर आज तक चुनावी वैतरणी पार करता रहा है। उन्होंने कांग्रेसी विधायकों के पाला बदलकर जदयू में शामिल होने पर कहा कि जदयू के पास अपने नेताओं की कमी है इसलिए उन्हें दूसरे दलों से नेता ले जाने पड़ रहे हैं। 15 वर्षों से जदयू सत्ता में है लेकिन उसके पास चुनाव लड़ाने के लिए अपने प्रत्याशी तक नहीं है। नीतीश कुमार को अपने पार्टी के नेताओं पर भरोसा नहीं है इसलिए उन्हें अन्य पार्टी के नेताओं का सहारा लेना पड़ता है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब चुनाव का समय आता है तब प्रधानमंत्री बिहार की जनता को ठगने के लिए झूठी घोषणाओं का पिटारा बिहार में खोलते हैं। लेकिन, इस बार बिहार की जनता झांसे में नहीं आने वाली है। उन्होंने कहा कि बिहार के आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जदयू की हार सुनिश्चित है। सूरज शिवा जारी (वार्ता)

epmty
epmty
Top