म्हारी छोरियां छोरों से कम बिल्कुल ना है-महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास

म्हारी छोरियां छोरों से कम बिल्कुल ना है-महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास

नई दिल्ली। टोक्यो में खेले जा रहे ओलंपिक खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए अपने शानदार खेल के प्रदर्शन से पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में खेलने मौका प्राप्त किया है। भारत ने क्वार्टर फाइनल में 3 बार की ओलंपिक चैंपियन रह चुकी ऑस्ट्रेलिया की महिला हॉकी टीम को 1-0 से हरा दिया है।

सोमवार का दिन भारत के हॉकी खेल प्रेमियों के लिए खुशी का बड़ा पैगाम लेकर आया है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार ओलंपिक खेलों की हाकी स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। भारत के लिए एकमात्र गोल गुरजीत कौर ने 22वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए करते हुए दिखा दिया है कि भारतीय छोरियां चोरों से कतई भी कम ना है। सेमीफाइनल में अब टीम इंडिया का सामना 4 अगस्त को अर्जेंटीना से होगा। अर्जेंटीना ने क्वार्टर फाइनल में जर्मनी को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई है।

गौरतलब है कि वर्ष 1980 में विमेन हॉकी टीम ने पहली बार ओलम्पिक में हिस्सा लिया था। हालांकि उस समय सेमीफाइनल फॉर्मेट नहीं था। ग्रुप स्टेज के बाद सबसे ज्यादा पॉइंट वाली दो टीमें सीधे फाइनल में खेली थी। भारतीय टीम उस समय छह टीमों के ग्रुप में चौथे स्थान पर रही थी। इसके बाद वर्ष 2016 के दौरान रियो ओलंपिक में टीम इंडिया 12वें पायदान पर रही थी। टोक्यो ओलंपिक खेलों में भारतीय हॉकी टीम द्वारा हासिल की गई जीत ने सुनिश्चित कर दिया है कि हॉकी में भारत का गोल्डन समय वापस लौट रहा है। भारत को लगातार 2 दिन के भीतर हाकी स्पर्धा के मुकाबलों में भारतीय खेल प्रेमियों को दो खुशियां मिली हैं। रविवार को पुरुष हॉकी टीम ओलंपिक में सेमीफाइनल में पहुंची थी। उसने क्वार्टर फाइनल में ग्रेट ब्रिटेन को तीन के मुकाबले 1 गोल से हराया था और अब महिला टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह बना कर भारत के खेल प्रेमियों की खुशियों को दोगुना कर दिया है।

epmty
epmty
Top