मेयर चुनाव को लेकर आपका दिल्ली में दंगल- BJP दफ्तर पर बड़ा प्रदर्शन

मेयर चुनाव को लेकर आपका दिल्ली में दंगल- BJP दफ्तर पर बड़ा प्रदर्शन

नई दिल्ली। नगर निगम चंडीगढ़ के मेयर पद के चुनाव को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में दंगल करते हुए भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया है। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने भाजपा को वोट चोर बताते हुए कहा कि अब इसका सबूत मिल गया है कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता के लिए देश को भी बेच सकती है, लेकिन अब उसके पाप का घड़ा भर चुका है।

शुक्रवार को आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अगवाई में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ पार्टी दफ्तर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय की ओर कूच किया। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने भारतीय जनता पार्टी को वोटो का चोर बताते हुए कहा है कि अब इसका पूरा सबूत मिल गया है। केजरीवाल ने चंडीगढ़ मेयर पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के ऊपर धांधली करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता के लिए भारतीय जनता पार्टी देश को भी बेच सकती है। परंतु अब उसके पाप का घड़ा पूरी तरह से भर चुका है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हिंदू ग्रंथ गीता के श्लोक का जिक्र करते हुए कहा कि पाप बढ़ने पर ऊपर वाला झाड़ू चलाता है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी के पाप का घड़ा अब पूरी तरह से भर चुका है क्योंकि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी वोटो की चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ी गई है। अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ मेयर पद के चुनाव में धांधली किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि राजधानी दिल्ली की तरह चंडीगढ़ में भी चुने गए पार्षद वोट डालकर मेयर चुनते हैं।

चंडीगढ़ में कुल 36 पार्षद है, इनमें से 16 बीजेपी और 20 इंडिया गठबंधन के हैं। नतीजो से पूरी तरह साफ है कि इंडिया गठबंधन का मेयर बनना था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने बदमाशी करते हुए भाजपा कार्यकर्ता को चुनाव अधिकारी बना दिया। उसने वोट तो डलवाई लेकिन जब काउंटिंग करने बैठे तो सभी पार्टियों के एजेंट को भगाते हुए चुनाव अधिकारी ने काउंटिंग करते हुए आठ वोट रद्द कर दिए।

epmty
epmty
Top