सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरियों पर मुहर लगाएगीः कृष्णा

सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरियों पर मुहर लगाएगीः कृष्णा

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव एवं युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अलावरू ने कहा है कि कांग्रेस ने हिमाचल की जनता से वादा किया है कि वह सरकार बनने पर पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरियों पर मुहर लगाएगी।

अलावरू ने सोमवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि डबल इंजन की सरकार आम जनता को राहत देने में फेल है और महंगाई बढ़ाने में पास है। भाजपा नेताओं के लिए चुनाव घोषणा पत्र केवल मात्र चुनावी जुमला होता है और इसलिए ही वह लोगों से किए वादों को पूरा नहीं करते।

उन्होंने कहा कि 680 करोड़ रुपए के स्टार्टअफ फंड से हर हलके में युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण दिए जाएंगे। अठारह वर्ष से अधिक आयु की हर महिला को हर माह 1500 रुपए उनके खाते में आएंगे। कांग्रेस ने जो-जो वादे किए हैं, वे पूरे किए जाएंगे। उन्होंने भाजपा से पूछा कि वे बताएं कि वह किन मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि भाजपा पहले अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के बीच रखे और फिर जाकर वोट मांगे।

अलावरू ने भाजपा से सवाल किया कि उनकी सरकार ने हिमाचल में पांच साल में क्या कार्य किए हैं। भाजपा ने २०१७ में प्रदेश की जनता और खासकर युवाओं से कई वादे किए थे। इनमें एक बेरोजगारी दूर करने और रोजगार देने का था, लेकिन ये वादे पूरे नहीं किए, उलटे 14 लाख बेरोजगारों की फौज खड़ी कर दी। भाजपा का रिपोर्ट कार्ड देखें तो उसमें वह हर विषय में फेल है। हिमाचल प्रदेश में सरकारी विभागों में 63 हजार से अधिक पद खाली क्यों हैं। ऐसे में भाजपा नेता वोट मांगते समय यह जरूर बताएं कि ये पद खाली क्यों है और क्यों युवाओं को वह रोजगार नहीं दे पाए।

उन्होंने कहा कि केंद्र की डॉ मनमोहन सिंह सरकार रही हो या फिर हिमाचल की वीरभद्र सिंह सरकार। मनमोहन सिंह सरकार मनरेगा लायी और उसे लागू करके दिखाया। कांग्रेस की राजस्थान और छत्तीसगढ़ सरकार ने ओपीएस लागू करके दिखाया है और इसे अब हिमाचल में भी लागू किया जाएगा। इसके विपरीत भाजपा ने इस मुद्दे का जिक्र अपने चुनाव घोषणा पत्र में नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के लिए किए गए कार्यों को बताए। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा राज में पुलिस भर्ती पेपर लीक हुआ है और इससे हजारों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है।

वार्ता

epmty
epmty
Top