फिर से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे- अनुराग ठाकुर

फिर से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे- अनुराग ठाकुर

कांगड़ा। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, जो आगामी लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी हैं, ने गुरुवार को कहा कि वह हमीरपुर की जनता के सहयोग से इस बार फिर से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।

ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सभी चार सीटों पर रिकॉर्ड जीत दर्ज करने के साथ मोदी सरकार 400 से ज्याद सीटें जीतेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर बिखर चुकी है। उन्होंने कहा कि एक तरफ मोदी सरकार की उपलब्धियां हैं तो दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी और उनके गठबंधन का अहंकार है। उन्होंने कहा कि वे एकजुट नहीं हैं और उनके पास न तो नीति है, न नीयत है और न ही नेतृत्व।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उनके सहयोगी देश को बांट रहे हैं और टुकड़े-टुकदे गैंग से समर्थन ले रहे हैं। कांग्रेस और उनका गठबंधन देश को क्षेत्र, समाज और वर्ग के आधार पर विभाजित कर रहा है, जबकि मोदी सरकार सबका साथ, सब का विकास में विश्वास रखती है। कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग 60 वर्षों तक देश पर शासन करने के बाद भी संवैधानिक संस्थाओं में विश्वास नहीं करते हैं, वे अब हर चीज पर उंगली उठा रहे हैं।

ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को 2014 में लोकसभा में विपक्ष के नेता के लिए भी सीटें प्राप्त नहीं हुई थीं और 2019 में भी यही हुआ और अब उन्हें अपनी नकारात्मक राजनीति के कारण और भी कम सीटें मिलेंगी, उनके पास कोई विकल्प नहीं है और एकमात्र गारंटी मोदी हैं।

epmty
epmty
Top