पदयात्रा और जन मुद्दों पर आंदोलन से जनता में पैठ बनायेंगे: अजय राय

पदयात्रा और जन मुद्दों पर आंदोलन से जनता में पैठ बनायेंगे: अजय राय
  • whatsapp
  • Telegram

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी पदयात्रा और जन मुद्दों पर आंदोलन से जनता के बीच अपनी पैठ को मजबूत करेगी।

कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने यहां पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों एवं पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारियों और पूर्व जिला एवं शहर अध्यक्षों की बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर रणनीति पर चर्चा की और संगठन को मजबूत करने एवं विस्तार को लेकर विचार विमर्श किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव को पांच महीने से भी कम का समय बचा है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिले अपार समर्थन से पार्टी में उत्साह का संचार हुआ है। उसे सकारात्मक रूप से और ताकत देने के लिए, पार्टी प्रभारी प्रियंका गांधी की मेहनत को साकार करने के लिए बड़ी मेहनत की जरूरत है।

उन्होने कार्यकर्ताओं का आवाहन किया कि पार्टी का इस समय प्रदेश में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम दलित गौरव यात्रा चल रही है जिसे ज्यादा से ज्यादा सफल बनाने का कार्य करें। दलित समाज इस यात्रा के माध्यम से बहुत तेजी से जुड़ रहा है आप सभी की सक्रियता से इस अभियान को और तेजी मिलेगी।

कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों और तानाशाही रवैये से हर आदमी परेशान है, सभी अंदर से भाजपा को बदलने का मन बना चुके हैं, और भाजपा के अंदर भी जबरदस्त अंतर कलह मची हुई है। उपमुख्यमंत्री सरकार की कैबिनेट मीटिंग में नहीं जाते हैं, भाजपा के कार्यक्रमों में नहीं जा रहे हैं, सरकार और भाजपा संगठन में जबरदस्त गुटबाजी सड़क पर दिख रही है, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रदेश की चिंता नहीं है ना लोगों की चिंता है, वह दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार में झूठे आरोप मढ़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश अपराध भ्रष्टाचार का जंगल राज बन गया है।

बैठक में राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने कहा कि पार्टी के सभी मेहनती जुझारू नेताओं का आगामी लोकसभा 2024 में महत्वपूर्ण रोल है। घर-घर पहुंचकर कांग्रेस की नीतियों और कांग्रेस सरकारों द्वारा किए गए कामों को बताने की हम सब की जिम्मेदारी है, देश का माहौल बहुत तेजी से बदल रहा है। प्रदेश के जनमानस की सोच और समर्थन हमारे साथ है, जनता को कांग्रेस से ही उम्मीद है, प्रदेश का प्रत्येक वर्ग परेशान है चाहे वह दलित हो, युवा हो, किसान हो या आम छोटे व्यापारी, सभी भाजपा सरकार को केंद्र से हटाने का मन बना चुके हैं।

वार्ता

  • whatsapp
  • Telegram
Next Story
epmty
epmty
Top