दो बार के मंत्री, तीन बार के MLA गुर्जर नेता MLC अब जाएंगे इस दल में

दो बार के मंत्री, तीन बार के MLA गुर्जर नेता MLC अब जाएंगे इस दल में

गाजियाबाद। अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता दलीय स्थिति को मद्देनजर रखकर इस दल को छोड़कर उस दल में जाने लगे हैं। उत्तर प्रदेश में दो बार कैबिनेट मंत्री और 3 मर्तबा विधायक रहे चुके पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गुर्जर नेता एमएलसी नरेंद्र भाटी भाजपा का दामन थामने के लिए तैयार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि वह 17 नवंबर को विधिवत रूप से अपनी पुरानी पार्टी को अलविदा कहते हुए भगवा चोला धारण कर भाजपा का झंडा थाम लेंगे। भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे गुर्जर नेता मुलायम सिंह यादव के काफी करीबी रहे हैं।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एमएलसी नरेंद्र भाटी की पहचान पश्चिमी उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी में गुर्जर नेता के रूप में होती है। वर्ष 2016 के मार्च माह के दौरान नरेंद्र भाटी को समाजवादी पार्टी की ओर से एमएलसी बनाया गया था। कुछ दिनों बाद ही अब नरेंद्र भाटी का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। वर्ष 1996 के बाद से वह एक बार भी विधानसभा का चुनाव नहीं जीत पाए हैं। इसके बावजूद समाजवादी पार्टी की ओर से दो मर्तबा उन्हें अपनी सरकारों में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इसी से समाजवादी पार्टी में उनके कद का अंदाजा लगाया जा सकता है। वर्ष 1975 के दौरान कांग्रेस से जुड़ने वाले नरेंद्र भाटी ब्लाक प्रमुख निर्वाचित होने के बाद रालोद में शामिल हो गये थे। लेकिन यहां भी ज्यादा दिनों तक उनका दिल नही लगा, जिसके चलते वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। अब वह समाजवादी पार्टी को बाय-बाय कहते हुए भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं।



epmty
epmty
Top