त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-आप ने जारी की उम्मीदवारों की सूची

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-आप ने जारी की उम्मीदवारों की सूची

लखनऊ। सांसद संजय सिंह ने प्रदेश मुख्यालय पर जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत और प्रधान पदों के 500 उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए कहा कि सत्ताधारी दल के लोग बैक डोर से नाम निर्देशन पत्रों की खरीदारी कर रहे हैं। लेकिन अन्य लोगों को नाम निर्देशन पत्र उपलब्ध नहीं हो रहे हैं।

बुधवार को राजधानी स्थित आप के प्रदेश मुख्यालय पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत, और प्रधान पद का चुनाव लड़ने वाले 500 उम्मीदवारों की सांसद संजय सिंह ने सूची जारी की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि जनपदों में केवल एक ही खिड़की से जिला पंचायत के नाम निर्देशन पत्र दिए जा रहे हैं। सत्ताधारी दल के लोग बैक डोर से नाम निर्देशन पत्र ले रहे हैं। जबकि हम लोगों को नाम निर्देशन पत्र नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मात्र 5 दिन प्रचार के लिए उम्मीदवारों को दिए गए हैं। 11 अप्रैल को चुनाव चिन्ह दिया जाएगा। जबकि 17 अप्रैल को चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा। यह ऐसा पहला चुनाव है जिसमें चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को केवल 5 दिन लोगों से जनसंपर्क करने के लिए मिल सकेंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे हालातों में गरीब प्रत्याशी किस प्रकार से चुनाव लड़ेगा। राज्य निर्वाचन आयोग को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए। सांसद संजय सिंह ने कहा कि हम लोग अपील करते हैं कि जो लोग प्रचार करना चाहे उनके प्रचार को बाधित न किया जाए।

सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशियों के साथ जो पश्चिम उत्तर प्रदेश में हो रहा है वह गलत है। लेकिन सरकार को सोचना चाहिए कि किसान और निजीकरण को लेकर आम लोग परेशान क्यों हैं। उन्होंने कहा कि सीएम दूसरे प्रदेशों में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। लेकिन अपने प्रदेश की तरफ उनका ध्यान नहीं है। प्रदेश में ग्राम विकास अधिकारी की नौकरी रद्द कर दी गई है। अब उनसे न्याय की लोगों को उम्मीद नहीं रही है।

epmty
epmty
Top