लो आ गया उचित समय - चाचा शिवपाल करेंगे भतीजे अखिलेश से जंग का ऐलान?

लो आ गया उचित समय - चाचा शिवपाल करेंगे भतीजे अखिलेश से जंग का ऐलान?

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 18 वीं विधानसभा के गठन के लिए हुए चुनाव नतीजों के बाद से ही भतीजे सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ बगावत का झंडा लेकर घूम रहे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल यादव को जिस उचित समय का इंतजार था, शायद वह बेहद करीब आ गया है। शिवपाल यादव की ओर से बृहस्पतिवार को राजधानी लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। उम्मीद की जा रही है कि प्रसपा प्रमुख इस दौरान भतीजे के खिलाफ नई जंग का ऐलान कर देंगे।

उत्तर प्रदेश में 18 वीं विधानसभा के गठन के लिए हुए चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करके इलेक्शन लड़ने वाले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव चुनाव परिणाम के बाद से ही भतीजे अखिलेश यादव के खिलाफ अपनी बगावत का झंडा बुलंद किए हुए हैं। बृहस्पतिवार को शिवपाल सिंह यादव की ओर से राजधानी लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाने का ऐलान किया गया है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव इस दौरान अपने भतीजे सपा मुखिया अखिलेश यादव के खिलाफ नई जंग का ऐलान करने वाले हैं।

प्रसपा प्रमुख अपने भतीजे पर अपमानित करने का आरोप भी लगा चुके हैं। काफी दिनों से राजनीतिक हलकों में इस बात की अटकलें चल रही है कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं।

हालांकि उन्हीं की तरह समाजवादी पार्टी से नाराज चल रहे आजम खान से मुलाकात के बाद से यह चर्चा राजनीतिक हलकों में तेजी के साथ चल रही है कि शिवपाल सिंह यादव अब दिग्गज मुस्लिम नेता के साथ मिलकर कोई नया मोर्चा बना सकते हैं।

epmty
epmty
Top