बोले मंत्री- न्याय दिलाने कब जाएंगी प्रियंका- क्यों हो जाती है बोलती बंद

बोले मंत्री- न्याय दिलाने कब जाएंगी प्रियंका- क्यों हो जाती है बोलती बंद

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा की किसान न्याय रैली पर कटाक्ष करते हुए उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि कांग्रेस की राजकुमारी छत्तीसगढ़ और राजस्थान में न्याय दिलाने कब जायेंगी।

मंत्री सुरेश खन्ना ने रविवार को पत्रकारों से कहा कि राजस्थान में दलित की पीट-पीट कर हत्या के मामले में प्रियंका वाड्रा के मुंह से एक शब्द नहीं निकले। छत्तीसगढ़ में झंडा लगाने पर दूसरे समुदाय के नेता ने हिंदू कार्यकर्ता को पीटा, पुलिस ने लाठी चार्ज कर कर्फ्यू लगा दिया। उन्हें न्याय दिलाने प्रियंका कब राजस्थान और छत्तीसगढ़ जाएंगी। कश्मीर में हिंदुओं की हत्या पर कांग्रेस की बोलती बंद क्यों हो जाती है।

उन्होंने कहा कि देश को गर्त में ले जाने के लिए पूरी कांग्रेस जिम्मेदार है। इस बात को भलीभांति समझने के बाद जनता ने जब उन्हें नकार दिया, तो अब उसे भरमाने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार ने क्या विकास किया है, लोगों की तरक्की हुई है कि नहीं, आज प्रियंका वाड्रा को बनारस में दिख गया होगा। प्रदेश में अरसे बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून का राज स्थापित हुआ है। अब उसे छिन्न-भिन्न कर कांग्रेस दंगा कराना चाहती है।

मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि लखीमपुरखीरी मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्यवाही होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले ही दिन साफ कर दिया था और उसी के तहत कार्यवाही हो रही है। उन्होंने कहा कि छुट्टियां मनाने के लिए कांग्रेस के तथाकथित नेता लंदन से लेकर दुनिया की सैर करते हैं, लेकिन राजस्थान और छत्तीसगढ़ जाने से डरते हैं। उन्होंने सवाल किया कि प्रियंका बताएं कि क्या राजस्थान और छत्तीसगढ़ दूसरे देश में है, जो वहां जाने के लिए उन्हें वीजा लेना पड़ेगा। सच्चाई यह है कि जनता के हित के लिए नहीं, सत्ता के लिए प्रियंका लालायित हैं। खेती-किसानी की एबीसीडी उन्हें नहीं पता, वह किस मुंह से किसानों की बातें कर रही हैं।

मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यह वही कांग्रेस है, जिसके राज में घोटालों की बाढ़ आई थी, लाखों किसानों ने आत्महत्या की। इसी कांग्रेस के राज में 70 साल तक लोगों को सिर्फ महंगाई, बेरोजगारी और तुष्टीकरण की राजनीति का शिकार होना पड़ा था। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि आलू से सोना बनाने वाले भी अब अन्नदाता की बात करते हैं, तो आश्चर्य होता है। किसानों के हितों के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार हर संभव कार्य कर रही है। प्रदेश में पिछली सरकारों की तुलना में पहली बार किसानों के लिए रिकार्ड तोड़ काम किए गए हैं। इससे पहले की सरकारें किसानों का शोषण करती थीं।

epmty
epmty
Top