कांग्रेस के खाते सीज कर देने का मुद्दा गांव तक पहुंचेगा- गहलोत

कांग्रेस के खाते सीज कर देने का मुद्दा गांव तक पहुंचेगा- गहलोत

जयपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्र की मोदी सरकार पर देश में अघोषित आपातकाल होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस के खाते सीज कर देने का मुद्दा गांव तक पहुंचेगा और यह इन्हें ले डूबेगा।

गहलोत ने शुक्रवार को यहां प्रेस वार्ता में कहा कि बिना किसी कारण के कांग्रेस के खाते सीज कर दिए जिसमें कांग्रेस के साथ यूथ कांग्रेस एवं एनएसयूआई के खाते भी शामिल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चंदे के रुप में मिले 199 करोड़ में 14 लाख 40 हजार रुपए नकद के रुप में दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर इनमें कहीं कोई चूक हुई हैं तो जुर्माना लगा दिया जाता, चुनाव के समय में खाते सीज कर दिए गए। अब कांग्रेस चुनाव में कैसे काम करे।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आयकर विभाग ने खाते सीज कर अपराध किया है और यह किसके इशारे पर किया गया हैं सबको पता है। उन्होंने कहा कि देश में इसकी जोरदार प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि देश किस दिशा में जा रहा है कोई पता नहीं हैं और इस लोकसभा चुनाव के बाद आगे चुनाव होंगे या नहीं होंगे, यह भी नहीं कहा जा सकता। गहलोत ने कहा कि भले ही कांग्रेस के खाते सीज कर दिए गए हैं लेकिन जनता कांग्रेस के साथ हैं और लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाये तो भी आश्चर्य नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है और संविधान की धज्जियां उड़ रही हैं, ऐसे में मीडिया को भी अपनी सार्थक भूमिका निभानी चाहिए।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2016 में देश में नोटबंदी उत्तरप्रदेश में चुनाव जीतने के लिए लागू की गई थी। इसके बाद अब राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस के खाते सीज कर वह चुनाव नहीं लड़ सके जैसी हालत करना हैं। चुनाव आचार संहिता के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया गया। उन्होंने कहा यह तब हो रहा है जब उच्चत्तम न्यायालय ने कहा है कि इलेक्ट्रोरल बाँड असंवैधानिक हैं, यह पैसा असंवैधानिक है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ईवीएम की गड़बड़ी सबके सामने हैं और लोकसभा चुनाव में 400 पार की बातें की जा रही है। ऐसे में तो सभी सीटें जीती जा सकती है।

उन्होंने कहा कि अगर दो महीनों बाद यह मामला सही पाया गया और कांग्रेस के खाते फिर से खोल दिए गए तो क्या फिर से चुनाव कराये जायेंगे। चुनाव जीतने के लिए ही कांग्रेस के खाते सीज किए हैं जो गलत है। जिसका जवाब जनता देगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि डरा धमाकर नेताओं को भाजपा में शामिल कराया जा रहा हैं। इलेक्ट्रोरल बाॅन्ड को न्यायालय द्वारा असंवैधानिक बताने के सवाल पर डोटासरा ने कहा कि ऐसे में तो भाजपा को भी इस पैसे का उपयोग नहीं करना चाहिए। इस मौके नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कांग्रेस के खाते सीज करने को गलत बताते हुए आरोप लगाया कि देश में हालात खराब हैं और केवल दो लोगों के लिए देश को कुर्बान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में आपातकाल की स्थिति पैदा कर दी गई हैं।

epmty
epmty
Top