अपने उद्योगपति मित्रों को देश बेच रही है मोदी सरकार-कांग्रेस

अपने उद्योगपति मित्रों को देश बेच रही है  मोदी सरकार-कांग्रेस

शिमला । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने केन्द्र सरकार पर देश की संपत्ति को निजी हाथों में बेचने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस लगातार नेशनल मोनेटाइजेशन पॉलिसी का विरोध कर रही है। मोदी सरकार का देश नहीं बिकने दूंगा का नारा झूठा साबित हुआ है। आजादी के बाद कांग्रेस की सरकारों के द्वारा खड़े किए उपक्रमो को निजी हाथों में देकर देश की जनता के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं जिसे कांग्रेस पार्टी बर्दास्त नही करेगी और सड़कों पर उतरकर इसका विरोध किया जाएगा।

रागिनी नायक ने कहा कि कांग्रेस की ओर से पिछले 70 सालों में अर्जित देश की संपत्तियाें को मोदी सरकार अपने तीन-चार उद्योगपति मित्रों को बेच रही है। देश के राष्ट्रीय उच्च मार्गों, ऊर्जा, कृषि, टेलीकॉम, एयरपोर्ट, रेलवे तक को निजी हाथों में बेचा जा रहा है, जिसका फायदा चंद उद्योगपतियों को होगा। मोदी सिर्फ देश की जनता पर मन की बात थोप रहें हैं। लोकतंत्र पर तानाशाही चलाई जा रही है। महंगाई चरम पर है। पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतें आसमान छू रही है। केंद्र ने जो हिमाचल के लिए एनएच दिए वह कहां हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने कहा कि एनएमपी के तहत जो भी कांग्रेस ने 70 सालों में इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया उसे मोदी सरकार प्राइवेट हाथों में बेच रही है। इन निर्णयों को लेने से पहले देश में किसी से भी विचार विमर्श नही किया गया। उन्होंने कहा कि आगामी 50 साल तक जो आय इन सार्वजनिक उपक्रमो से होगी इससे जनता की हित में प्रयोग नहीं होगा और जो भी सरकारें आएंगी वे भी कुछ नहीं कर पायेगी। इससे देश के वंचित वर्ग की नौकरियां चली जायेंगी। एनएमपी से देश में बेरोजगारी बढ़ेगी।

रागिनी ने सेब के दामों में आई गिरावट पर कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि डबल इंजन की सरकार कुछ नहीं कर पा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री इस पर कुछ नहीं कर पा रहे हैं यह उनकी असफलता है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर जिस तरह हिमाचल में आकर बोले उससे लगता है कि उनको अपने मंत्रालय तक की समझ नहीं है।


epmty
epmty
Top