प्रियंका से मिली आशाओं के पुलिस उत्पीडन की दास्तां सुनाते हुए छलके आंसू

प्रियंका से मिली आशाओं के पुलिस उत्पीडन की दास्तां सुनाते हुए छलके आंसू

लखनऊ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी से राजधानी के कौल हाउस में मिली आशा कार्यकर्ताओं के पुलिस द्वारा किये गये उत्पीडन की दास्तां सुनाते हुए आंखों से आंसू निकल आए। प्रियंका गांधी वाड्रा ने आशा बहुओं की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि आशा बहुओं की हर समस्या का समाधान कराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शाहजहांपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन करने पहुंची आशा बहुओं के साथ पुलिस द्वारा मारपीट की गई थी। जिसमें कई आशाएं घायल हो गई थी। इलाज के बाद कई आशा बहुओं के हाथ पर प्लास्टर चढ़ा था तो कई बहुओं के शरीर में अंदरूनी चोटें आई थी। अपनी मांगों को लेकर आशा बहुएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलना चाहती थी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आशा बहुओं को कौल हाउस पर मिलने के लिए बुलाया था। कौल हाउस पहुंची आशा बहुओं ने अपनी समस्याएं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के सामने रखी। इस दौरान आशा बहुओं ने बताया कि पुलिस की ओर से उनके ऊपर लाठी चार्ज करने के साथ-साथ केस दर्ज किया गया है और उसमें गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आशा बहुओं के खिलाफ दर्ज की गई रिपोर्ट के संबंध में अधिकारियों से जानकारी हासिल की और कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। आशा बहुओं की ओर से भी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की ओर से एक प्रतिज्ञा यह भी की गई है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर आशा बहुओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रतिमाह 10 हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा। इसे आशा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से काफी उम्मीदें लगी हुई है।



epmty
epmty
Top