संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगोंं का किया समर्थन....

संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगोंं का किया समर्थन....

भोपाल। नियमितिकरण और अन्य मांगों को लेकर यहां आंदोलन कर रहे मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मचारियों की मांगों को आज वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने उचित बताते हुए आश्वासन दिया कि 2023 के विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनने पर उनकी मांगें पूरी की जाएंगी।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यादव यहां संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों के आंदोलनस्थल पहुंचे और उन्हें संबोधित किया। यादव ने आंदोलनकारी कर्मचारियों की पूरी बातें सुनीं और फिर उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर उनकी मांगें पूरी की जाएंगी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी सी शर्मा भी मौजूद थे।

यादव ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कोरोना संकटकाल में भी साहस दिखाते हुए बेहतर कार्य किया। अब वे अपने नियमितिकरण और मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 17 सालों से राज्य के संविदा कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करते आ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी नहीं सुनती है। जब विधानसभा चुनावों का समय आता है, तो कोई परिपत्र निकालकर ऐसे कर्मचारियों को लुभाने का प्रयास किया जाता है, लेकिन उनके हक में निर्णय नहीं लिया जाता है। यादव ने कहा कि इन कर्मचारियों की मुख्य मांग नियमितिकरण और मानदेय बढ़ाकर 40 हजार रुपए करना है। लेकिन सरकार इनके आंदोलन को पुलिस प्रशासन की दम पर कुचलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने संविदा कर्मचारियों का नियमितिकरण किया है। इसके अलावा ओड़िसा राज्य में भी इस तरह का कार्य हुआ है, लेकिन भाजपाशासित राज्यों में ऐसा नहीं हो रहा है। उन्होंने दोहराया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार आने पर उनकी मांगों को माना जाएगा। आंदोलनकारियों ने यादव को बताया कि वे पिछले दो सप्ताह से यहां धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

epmty
epmty
Top