किसानों को न्याय दिलाने के लिये संघर्ष करेगी सपा- अखिलेश

किसानों को न्याय दिलाने के लिये संघर्ष करेगी सपा- अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री और किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह के बताये रास्ते पर चलते हुये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा सताये किसानो को न्याय दिलाने के लिये संघर्ष करेगी।

चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर विधान भवन स्थित पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह देश के किसानों के सबसे बड़े नेता रहे। उन्होंने जीवन भर किसानों के लिए संघर्ष किया। समाजवादी पार्टी चौधरी चरण सिंह के बताए रास्ते पर चलेगी और किसानों को न्याय दिलाएगी।

उन्होने कहा कि बीजेपी ने किसानों के सपनों को चकनाचूर कर दिया है। भाजपा ने किसानों से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। भाजपा जिस रास्ते पर देश को ले जाना चाहती है उससे किसान बर्बाद हो जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे देश ने देखा किस तरह से लखीमपुर खीरी में किसानों पर थार जीप चढ़ायी गयी। किसानों को कुचल कर मार दिया गया। कर्ज और महंगाई से त्रस्त तमाम किसानों ने आत्महत्या कर ली। किसान आंदोलन में सैकड़ों किसान मारे गए। किसानों को फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं मिला।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि चौधरी चरण सिंह उत्तर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। वे दो बार मुख्यमंत्री और केन्द्र में विदेश तथा गृह मंत्री भी रहे। वे देश के पांचवें प्रधानमंत्री भी थेे। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन भारतीयता और ग्रामीण परिवेश की मर्यादा में जिया। वे गांव-गरीब की आवाज़ थे। उनका ध्येय वाक्य था कि भारत के समस्त किसान आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो। उन्होंने कहा कि जब तक किसान और गांव आर्थिक रूप से समृद्ध नहीं होंगे, तब तक भारत तरक्की नहीं कर सकता।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष जयशंकर पाण्डेय, विधायक महबूब अली, राजपाल बालियान, डॉ0 संग्राम यादव, आशु मलिक आदि मौजूद थे।

वार्ता

epmty
epmty
Top