लोहिया और अंबेडकर के विचारों के सहारे सपा बनेगी राष्ट्रीय पार्टी- अखिलेश

लोहिया और अंबेडकर के विचारों के सहारे सपा बनेगी राष्ट्रीय पार्टी- अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी का तीसरी बार अध्यक्ष बनाये जाने पर कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि डा लोहिया और डा अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ा कर ही सपा को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाया जायेगा।

अखिलेश ने यहां आयोजित सपा के राष्ट्रीय सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डा लाेहिया और डा अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाते हुए सपा काे राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाने का संकल्प लेकर जाएं। गौरतलब है कि यहां आयोजित सपा के दो दिवसीय सम्मेलन के पहले दिन प्रांतीय सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसमें सपा की प्रांतीय इकाई की कमान एक बार फिर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम को सौंपी गयी।

वहीं आज राष्ट्रीय सम्मेलन में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर चुनाव कराने के लिये निर्वाचन अधिकारी बनाये गये रामगोपाल यादव ने अखिलेश को तीसरे बार सपा अध्यक्ष चुने जाने का ऐलान किया। प्रो रामगोपाल ने कहा कि सपा के अध्यक्ष पद के चुनाव में किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया था। लिहाजा अखिलेश निर्विरोध अध्यक्ष चुने गये हैं।

इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा, "आज देश की सभी संवैधानिक संस्थाओं का अस्तित्व संकट में है। ऐसे देश के लोकतंत्र को बचाने की जिम्मेदारी हम सब की है। इसके लिये हम सब आज यहां से सपा को राष्ट्रीय पार्टी बनाने का संकल्प लेकर जायें।"

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहब डा अंबेडकर और डा लोहिया की विचारधारा को आगे बढ़ायें। अखिलेश ने कहा कि वो लोग भी आज सपा से जुड़ रहे हैं, जो बाबा साहब डा अंबेडकर का सपना पूरा करना चाहते हैं। शोषित, दलित और पिछड़े सभी वर्ग आज सपा की तरफ़ उम्मीद से देख रहे हैं। क्योंकि सपा डा लोहिया और बाबा साहब के विचारों के साथ आगे बढ़ रही है।

अखिलेश ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि झूठ बोलने वाला दल आज देश और उत्तर प्रदेश की सत्ता में आ गया। भाजपा सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा, "केवल देश में नहीं बल्कि पूरी दुनिया में इतना झूठ बोलने वाली कोई पार्टी नहीं रही होगी। हिटलर की सरकार में एक झूठ का प्रोपोगंडा मंत्री था, लेकिन ये भाजपा सरकार पूरी की पूरी झूठी है। आज हम भी नवरात्र के अवसर पर प्रार्थना करते हैं की ये सरकार सच बोलने लगे और झूठ ना बोले।"

अखिलेश ने पार्टी अध्यक्ष का दायित्व सौंपे जाने के लिये कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "मुझे ये जिम्मेदारी आपने तब दी है, जब देश के लोकतंत्र और संविधान को खतरा है। इसलिये आज हमको संकल्प लेना है कि आने वाले 5 साल में हमें नया इतिहास लिखना होगा।"

उन्होंने मोदी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। अखिलेश ने कहा, "इस सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी लाकर हमारी जनता को बहुत परेशान किया। इसके बाद तीन काले कानून लाकर किसानों का उत्पीड़न किया। इसकी वजह से कई किसानों ने आत्महत्या कर ली और चुनाव के समय सिर्फ़ चुनावी लाभ के लिये, सरकार ने ये कानून वापस ले लिये।"

सम्मेलन में राजनैतिक एवं आर्थिक प्रस्ताव भी पेश किया गया। इसमें केन्द्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारों की गलत नीतियों की वजह से देश में बेरोजगारी और मंहगायी जैसी समस्याओं का बोलबाला होने की बात कही गयी। राष्ट्रीय सम्मेलन में सपा के सभी सांसद और विधायकों सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा वयाेवृद्ध नेता उदयवीर सिंह, किरणमय नंदा, रामगोपाल यादव एवं अभिनेत्री जया बच्चन एवं अखिलेश की पत्नी एवं पूर्व सांसद डिंपल यादव भी मौजूद थीं।

वार्ता

epmty
epmty
Top