सपा मुखिया ने इस नेता को दिखाया आईना- बोले सलाह की जरूरत नहीं

सपा मुखिया ने इस नेता को दिखाया आईना- बोले सलाह की जरूरत नहीं

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सहयोगी दल के मुखिया ओमप्रकाश राजभर के ऊपर बरसते हुए कहा है कि उनको फिलहाल किसी की भी सलाह की जरूरत नहीं है। हम अपनी पार्टी के विस्तार के बारे में काम कर रहे हैं।

मंगलवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने पार्टी के सदस्यता अभियान का आगाज करते हुए अपने सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओमप्रकाश राजभर को उनके द्वारा दिये जा रहे बयानों पर आईना दिखाते हुए कहा है कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर हमें पिछले काफी दिनों से समय-समय पर नसीहत दे रहे हैं। हमें उनसे सिर्फ इतना ही कहना है कि हमें फिलहाल किसी की भी सलाह की जरूरत नहीं है।

सुभासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर तथा महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य की नाराजगी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा है कि अगर कोई हमारे से नाराज है तो इस संबंध में हम क्या कर सकते हैं। आजकल तो राजनीति पर्दे के पीछे से नेताओं द्वारा ऑपरेट की जा रही है। फिलहाल हम अपनी पार्टी के विस्तार के बारे में काम कर रहे हैं। बाकी लोग अपने दल का स्वयं काम देखें।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज राजधानी स्थित समाजवादी पार्टी के मुख्यालय से पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा है कि अब समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की गली गली तथा गांव गांव तक सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी का सदस्य बनाएगी। क्योंकि सदस्यता अभियान के माध्यम से ही संगठन को मजबूती दी जा सकती है।

epmty
epmty
Top